
देहरादून के पटेलनगर स्थित कबाड़ी गोदाम में भीषण आग लग गई। फायर ब्रिगेड ने 15 घंटे की मशक्कत के बाद पांच फायर टेंडरों से आग पर काबू पाया।
देहरादून। पटेलनगर स्थित कबाड़ी गोदाम में भीषण आग लग गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन बारिश व तेज हवाओं के चलते आग तेजी से सुलगती रही और पूरा गोदाम स्वाह हो गया।

फायर ब्रिगेड की टीमों ने 15 धंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पांच फायर टेंडरों से पूर्ण रूप से आग पर काबू पाया। आग के कारण कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कबाड़ी का पूरा सामान जल गया।
रविवार देर रात फायर ब्रिगेड को सूचना मिली कि पटेलनगर स्थित कबाड़ी बाजार में आग लग गई है। जब तक फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंचती तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी।

बगल में ही हाई टेंशन लाइन टूटी हुई थी, जोकि स्पार्क कर रही थी। फायरकर्मियों ने पहले विद्युत सप्लाई बंद कराई और इसके बाद हाईटेंशन लाइन को हटाया।

इसके बाद आग को चारों तरफ से घेरकर बुझाना शुरू किया। प्लास्टिक व रबर का कचरा अधिक होने के कारण धुआं बहुत अधिक हो रहा था, जिससे फायर सर्विस को कार्य करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

फायरकर्मियों ने बारिश व तूफान में भी हिम्मत नहीं हारी और निरंतन आग पर काबू पाने का प्रयास जारी रखा। पांच फायर टेंडरों की मदद से डेढ़ लाख लीटर पानी डाल कर आग को पूर्ण रूप से बुझाया गया।
सूचना पर पटेलनगर कोतवाली से भी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फायरकर्मियों का सहयोग किया। गोदाम पूरी तरह से प्लास्टिक सामान से भरा हुआ था, जिसके कारण आग अंदर ही अंदर सुलगती रही। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
बीएसएनएल कार्यालय के निकट कपड़े हुए स्वाह
सोमवार प्रात: लालपुल स्थित बीएनएनएल कार्यालय के निकट सड़क किनारे कपड़े की दुकान में आग लगने के कारण सारे कपड़े जल गए।
इस दौरान एक युवक कपड़े की दुकान में फंस गया और उसने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन कपड़ों पर लगी आग इतनी भीषण थी कि युवक ने किसी तरह से भाग अपनी जान बचाई। दुकान में सभी कपड़े, कूलर, इनवर्टर, आलमारी आदि जल गए।
दुकान मालिक विनोद ने बताया कि उन्होंने दुकान में लाखों के रेडीमेंट कपड़े रखे हुए थे। उनका बेटा हर्ष दुकान के अंदर ही सोता था।
रविवार प्रात: तीन बजे अचानक कूलर के निकट से आग की चिंगारी उठी और देखते ही देखते कपड़ों में फैल गई।
धुंआ उठता देख उनके बेटे हर्ष ने फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते आग की तेज लपटें निकलने लगी।
इसी दौरान कारगी चौक की तरफ से आग बुझाकर वापस आ रही फायर ब्रिगेड की टीम ने वाहनों को रोककर आग पर काबू पाया। तब तक पूरा सामान जल गया। संभवत: शार्ट सर्किट से आग की घटना हुई है।









