Big Breaking:-तेज रफ्तार भूसे से भरा ट्राला कार पर पलटा, ड्राइवर की दर्दनाक मौत

बाजपुर में नेशनल हाईवे-74 पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार और क्षमता से अधिक भूसे से भरा ट्राला अनियंत्रित होकर एक कार पर पलट गया।

इस दर्दनाक हादसे में कार चालक 30 वर्षीय नाजिम की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने ओवरलोडिंग पर आक्रोश व्यक्त किया।

बाजपुर। नेशनल हाईवे-74 पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में कार चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मदर इंडिया पब्लिक स्कूल के समीप तेज रफ्तार व क्षमता से अधिक लोडिंग से भरा भूसे का ट्राला अनियंत्रित होकर एक कार के ऊपर पलट गया।

गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे ग्राम कनौरा निवासी 30 वर्षीय नाजिम पुत्र आबिद हुसैन कार लेकर जा रहा था। बताया जा रहा है कि वह दोराहा चौकी में तैनात एएसआई सुनील कुमार की कार धुलवाने के लिए ले जा रहा था।

इसी दौरान रुद्रपुर की ओर से दोराहा की तरफ आ रहा भूसे से लदा ट्राला मदर इंडिया पब्लिक स्कूल के पास अचानक संतुलन खो बैठा और सीधे कार पर पलट गया।

हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक नाजिम की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को रोता-बिलखता छोड़ गया है। नाजिम तीन भाइयों में मंझला था।

हादसे की सूचना मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही दोराहा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं कोतवाल नरेश चौहान ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्राला क्षमता से अधिक भूसे से लदा हुआ था, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और यह दर्दनाक हादसा हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें