
देहरादून की सड़कों पर रोशनी का बड़ा अपग्रेड, 120 वाट की एलईडी लाइटों से बढ़ी सुरक्षा
देहरादून।
शहर की सड़कों को अधिक सुरक्षित और प्रकाशमान बनाने की दिशा में नगर निगम देहरादून ने बड़ा कदम उठाया है। माननीय महापौर एवं नगर आयुक्त महोदया के निर्देशों के क्रम में नगर निगम के पथ प्रकाश अनुभाग द्वारा विशेष अभियान चलाकर शहर के प्रमुख मार्गों पर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को उन्नत किया गया है।
इस अभियान के तहत पूर्व में लगी 36 वाट, 45 वाट, 70 वाट और 90 वाट की एलईडी स्ट्रीट लाइटों को हटाकर उनके स्थान पर अधिक क्षमता वाली 120 वाट की एलईडी स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जा रही हैं। इसका उद्देश्य सड़कों पर बेहतर रोशनी सुनिश्चित करना, नागरिकों की सुरक्षा बढ़ाना और दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना है।
अब तक दिलाराम चौक से मुख्यमंत्री आवास मार्ग, घंटाघर से राजपुर रोड, घंटाघर से चकराता रोड, रिस्पना से मोहकमपुर फ्लाईओवर सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर 900 से अधिक स्ट्रीट लाइटों का उच्चीकरण किया जा चुका है।
नगर निगम के अनुसार, इस कार्य से मुख्य सड़कों पर प्रकाश व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिससे रात्रि के समय यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम हो गया है। स्थानीय नागरिकों ने भी बेहतर रोशनी से राहत मिलने की बात कही है।
नगर निगम देहरादून ने स्पष्ट किया है कि शहर को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक आधारभूत सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए ऐसे कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।









