Big Breaking:-सरकार’ को असहज करने वाले भाजपा विधायक पांडेय का नया दांव, दिल्ली दरबार में दस्तक

सरकार के मुखर आलोचक रहे विधायक अरविंद पांडेय ने पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से मुलाकात की। इसके बाद वे दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन नितिन से मिले।

गूलरभोज। सरकार के खिलाफ मुखर विरोध करने वाले पूर्व कैबिनेट मंत्री व विधायक अरविंद पांडेय के आवास पर पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का आना और घंटे भर बंद कमरे में गुफ्तगू करना और उसके बाद अगले ही दिन यानी गुरुवार को विधायक अरविंद पांडेय की एकाएक दिल्ली दरबार में दस्तक कई राजनीतिक संकेत दे रही है। गुरुवार को विधायक पांडेय की पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन नितिन से दिल्ली में मुलाकात ने राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी है।

गदरपुर विधायक अरविंद पांडेय का सरकार के साथ तालमेल नहीं बैठ पा रहा है। विधायक कई बार अपने बयानों से सरकार को असहज भी कर चुके हैं। ऐसे में पिछले दिनों उनके कार्यालय को अतिक्रमण बताकर प्रशासन ने नोटिस थमा दिया और 15 दिन में अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी थी।

हालांकि निर्धारित समय गुजर गया लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया। दो दिन पहले विधायक पांडेय ने खुद ही एसडीएम व तहसीलदार को पत्र लिखकर कह दिया कि उनके जिस कार्यालय को अतिक्रमण में दर्शाया गया है उसे हटाया जाए। पांडेय के इस पत्र ने बड़ी हलचल मचा दी।

इसी क्रम में बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट अपराह्न विधायक अरविंद पांडेय के संतोष नगर आवास पहुंचे थे। जहां उन्होंने बंद कमरे में विधायक पांडेय से काफी देर गुफ्तगू की। सतही तौर पर इस मुलाकात को कार्यकर्ताओं में एकजुटता स्थापित कर आगामी विधानसभा चुनाव में सफलता हासिल करना बताया गया, लेकिन छनकर आती अंदरुनी बातें सियासत में कुछ और ही संकेत दे रही है।

इस मुलाकात को एक दिन भी नहीं बीता था कि गुरुवार को विधायक अरविंद पांडेय एकाएक दिल्ली पहुंच गए और वहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन नितिन से मुलाकात हुई। इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। विधायक ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ फोटो शेयर करते हुए इसे सामान्य शिष्टाचार मुलाकात बताया। वहीं विधायक के विश्वस्त स्थानीय एक युवा नेता ने प्रदेश अध्यक्ष के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात को होली से पहले सियासत में कुछ नया होने का दावा किया है।

मिलने पहुंचे या बुलाया गया, सवाल अनुत्तरित

गदरपुर विधायक अरविंद पांडेय राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन नितिन से मिलने खुद दिल्ली पहुंचे हैं या उनको बुलाया गया, यह सवाल अभी अनुत्तरित है। भाजपा के असंतुष्ट खेमे की अगुवाई कर रहे पांडेय की इन मुलाकातों को पार्टी जो भी कहे लेकिन राजनीतिक पंडित अपनी-अपनी तरह से कयासबाजी लगा रहे हैं। इसका जवाब जल्द आने की उम्मीद जताई जा रही है। इधर, धड़ों में बंटी भाजपा के नेता और कार्यकर्ताओं में भी सरगर्मी और बैचेनी बढ़ गई है।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें