
रुद्रपुर में गैस की किल्लत के बीच कालाबाजारी का मामला सामने आया है। एक वायरल ऑडियो में 300 रुपये प्रति किलो की दर से गैस बेचने की बात कही जा रही है।
रुद्रपुर। पश्चिम एशिया महासंग्राम के कारण बढ़ी गैस की किल्लत से जहां उपभोक्ता कई कई दिनों तक गैस के लिए एजेंसी में लंबी लाइन लगाए हुए हैं। वहीं इसकी कालाबाजारी भी हो रही है। हालांकि जिला प्रशासन ने साफ कहा है कि गैस की कोई किल्लत नहीं है, एजेंसी को घर-घर जाकर सिलिंडर मुहैया कराने को कहा है।
बावजूद इसके शहर में गैस की किल्लत रूकने का नाम नहीं ले रही है। फलस्वरूप कुछ लोग गैस की कालाबाजारी करने में जुटे हैं। शनिवार को शहर में इंटरनेट मीडिया में एक आडियो प्रसारित हुई है। जिसमें तीन सौ रुपये प्रति किलो गैस बेचने की बात कहीं गई है। प्रसारित आडियो में इस तरह है बात हो रही।
कालर : हैलो, लंबे भाई बोल रहा हूं, पहाड़गंज से।
रिसीवर : हां, हां बोलो..।
कालर : मिस्त्री साहब कुछ सिलिंडर हैं।
रिसीवर : सिलिंडर तो नहीं है मेरे पास।
कालर : अरे यार बड़ी परेशानी पड़ गई डेढ़-दो महीने से।
रिसीवर : डेढ़ दो महीने से काहे से रोटी बना रहा है।
कालर : चूल्हे से।
रिसीवर : एक तरकीब है, तीन सौ रुपये किलो गैस पड़ रही है। चार किलो गैस तुम्हारे घर बैठे आएगी, फोन पर सिर्फ यह बताना पड़ेगा कि सिलिंडर काहे का है।
कालर : भारत का…।
रिसीवर : शाम को गैस तुम्हारे घर पे आएगी, अगर तीन सौ रुपये किलो लेने को तैयार हो तो, चार किलो, बाद में क्या होगा, वो तो बाद की बात है।
कालर : सुबह हो या शाम सिलिंडर पहुंचा देना रुपये ले लेना।
रिसीवर : सिलिंडर नहीं मिल पाएगा, कितना ही जोर लगा लो, चार किलो गैस तीन सौ रुपये किलो, हम भी कहीं से लाकर देंगे।
कालर : चार किलो कितने दिन चल जाएगी।
रिसीवर : वो तुम जानो तुम्हारा काम जाने।
इस तरह यह आडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चाओं में आ गया है। आडियो पुलिस तक पहुंचा तो सीओ सिटी प्रशांत कुमार ने जांच के आदेश दे दिए हैं। जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।








