
कोटद्वार-दुगड्डा मार्ग पर देर रात एक कार अनियंत्रित होकर 20 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में यमकेश्वर के पंचायत मंत्री पंकज रावत गंभीर रूप से घायल हो गए।
कोटद्वार । बीती देर रात दुगड्डा–कोटद्वार मार्ग के मध्य एक कार (वाहन संख्या: UK07-AT5222, WagonR) अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गई है। दुर्घटना में कार में सवार एक व्यक्ति को गंभीर चोट आई हैं।
बीती देर रात दुगड्डा से कोटद्वार की तरफ आ रहे एक कार अनियंत्रित होकर खोह नदी की तरफ खाई में जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल के लिए रवाना हो गई। इस मार्ग पर हल्द्वानी स्रोत में बनी पुलिया के समीप उक्त कार पुलिया की पैराफिट को क्षतिग्रस्त करते हुए लगभग 20 मीटर गहरी खाई में जा गिरी थी।
पुलिस मौके पर पहुंची, जहां कार के अंदर एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में फंसा हुआ था। उसके सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। पुलिस टीम द्वारा बिना विलंब किए राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया गया और घायल व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल उपचार के लिए 108 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से उपचार हेतु राजकीय बेस चिकित्सालय में भर्ती करवाया।
दुर्घटना में घायल व्यक्ति की पहचान पंकज रावत निवासी शिबूनगर, कोटद्वार के रूप में हुई। पंकज यमकेश्वर में पंचायत मंत्री के पद पर तैनात है। बुधवार शाम वह अकेले ही यम्केश्वर से कोटद्वार की तरफ आ रहा था। डॉक्टर ने घायल पंकज रावत की हालत खतरे से बाहर बताई है।









