
चैत्र नवरात्र आज से शुरू हो रहे हैं, जिसमें कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 6:52 से 7:53 बजे तक रहेगा। देहरादून के बाजारों में पूजा सामग्री, फल और व्रत के सामान की खरीदारी के लिए भारी भीड़ उमड़ी।
देहरादून। मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री की पूजा के साथ आज से चैत्र नवरात्र शुरू हो रहे हैं। सुबह छह बजकर 52 मिनट से सात बजकर 53 मिनट तक कलश स्थापना का मूहुर्त रहा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने शासकीय आवास पर हिंदू नव संवत्सर और चैत्र नवरात्र के पहले दिन विधि-विधान के साथ हवन-पूजन किया। भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर आशीर्वाद लिया। सीएम धामी ने प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि, एवं प्रदेश की समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
नैनीताल में श्रद्धालुओं की भीड़
चैत्र नवरात्र व हिंदू नववर्ष पर गुरुवार को शहर के मंदिरों में श्रद्धालुओं का आवागमन बढ़ गया है। मां नयना देवी मंदिर, पाषाण देवी मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा है।
सरयू-गुमती संगम पर श्रद्धालुओं की भीड़
बागेश्वर: नव संवत्सर के अवसर पर जिले भर में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत माहौल देखने को मिला। सुबह से ही देव मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, वहीं सरयू-गुमती संगम पर स्नान करने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
नए हिंदू वर्ष के स्वागत में लोग एक-दूसरे को शुभकामनाएं और बधाइयां दे रहे हैं। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि और सफलता की कामना की।
कोट भ्रामरी, कंडा कालिका मंदिर, भद्रकाली मंदिर के साथ-साथ बागनाथ मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। मंदिर परिसर हर हर महादेव के जयकारों से गूंज उठे। पंडितों द्वारा विधि-विधान से पूजा कराई जा रही है।
श्रद्धालु नए वर्ष के शुभारंभ पर भगवान से अच्छे भविष्य और जीवन में उन्नति की प्रार्थना कर रहे हैं। नव संवत्सर के इस पावन अवसर पर पूरा जिला भक्ति और उल्लास के रंग में रंगा नजर आया।
हरिद्वार के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़
हरिद्वार : नवरात्र को लेकर हरिद्वार के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है। माया देवी मंदिर, मां मनसा देवी और मां चंडी देवी मंदिरों को भव्य रूप से सजाया भी गया है। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर माया देवी, मनसा देवी मंदिर, चंडी देवी मंदिर एवं अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम सुबह से जारी है।
मां दुर्गा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करने को श्रद्धालु उत्साहित नजर आ रहे हैं। मंदिर परिसर में भी नवरात्र के दृष्टिगत अतिरिक्त पुलिस बल की ड्यूटी लगाई गई है।
दुकानों पर भीड़
वहीं, बाजारों में पूजा सामग्री से लेकर व्रत का सामान व फलों की दुकानों पर भीड़ उमड़ी रही। चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा के साथ नवरात्र शुरू हो जाते हैं। इसके लिए बाजार पूजा का सामान से सज चुके हैं।
बुधवार सुबह से ही व्रत का सामान, पूजा सामग्री और फलों की खरीदारी के लिए दुकानों में काफी भीड़ रही। पूजा की दुकान लगाने वाले दिनेश ने बताया कि सुबह- सुबह व्रत, पूजा आदि तैयारी करने में सामान खरीदने का समय नहीं लगता है, ऐसे में एक दिन पूर्व ही लोग पूजा के सामान की खरीदारी कर लेते हैं। लोगों ने नारियल, चुनरी, पंचमेवा, जौ, मूर्तियां आदि की खरीदारी की।









