Big Breaking:-दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे: 60 फीट लंबा होगा मुख्य मंच, पीएम मोदी को सुनने पहुंचेगी 40 हजार की भीड़

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 14 अप्रैल को दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के लिए देहरादून में होने वाली जनसभा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

देहरादून। दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 14 अप्रैल को दून में प्रस्तावित जनसभा को लेकर गढ़ीकैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड में तैयारियां अंतिम दौर में हैं।

सभा स्थल का पूरा फोकस मोदी के मुख्य मंच, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा घेरे पर रखा गया है। प्रशासनिक अनुमान के अनुसार कार्यक्रम में 35 से 40 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है, जबकि बैठने के लिए करीब 32 हजार कुर्सियां लगाई जा रही हैं।

प्रधानमंत्री के लिए तैयार मुख्य मंच आठ फीट ऊंचा, 32 फीट चौड़ा और 64 फीट लंबा होगा। मंच को इस तरह सजाया जा रहा है कि उसकी पृष्ठभूमि में उत्तराखंड की सांस्कृतिक और प्राकृतिक छटा दिखाई दे।

प्रधानमंत्री के मंच और भीड़ के बीच 60 फीट फासला

मुख्य मंच के सामने जनता की पहली कतार 55 फीट दूरी पर होगी, जबकि प्रधानमंत्री के मंच और भीड़ के बीच कुल 60 फीट फासला रखा गया है। बीच के पांच फीट चौड़े गलियारे में सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे। सभा स्थल पर मुख्य पंडाल समेत कुल तीन पंडाल बनाए जा रहे हैं। साधु-संतों के लिए डेढ़ फीट ऊंचा, 24 फीट चौड़ा और 48 फीट लंबा अलग मंच तैयार किया जा रहा है।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कर्मचारियों के सम्मान को भी अलग मंच बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री, राज्यपाल और अन्य विशिष्ट अतिथियों के लिए 70×90 फीट का पृथक पंडाल तथा विशेष स्विच काटेज तैयार किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल के अनुसार कार्यक्रमस्थल पर करीब 7000 वीआइपी मेहमानों के बैठने और करीब 25 हजार आमजन के बैठने की व्यवस्था की जा रही है।

पहली बार अलग मीडिया गैलरी

मुख्य मंच के सामने पत्रकारों के लिए 24×24 फीट की सीढ़ीनुमा व्यवस्था बनाई जा रही है। इसके अलावा पहली बार 10×10 मीटर की अलग मीडिया गैलरी तैयार की जा रही है। फूलों, भगवा झंडों और स्वागत द्वारों से सजता महिंद्रा ग्राउंड अब राजधानी के सबसे बड़े सार्वजनिक आयोजन की तस्वीर पेश करने लगा है।

40 हजार की भीड़ के हिसाब से बड़ी व्यवस्थाएं

देहरादून और हरिद्वार से लोगों को लाने-ले जाने के लिए 2500 बसें, टैक्सी, मैक्सी कैब, वैन और टाटा मैजिक लगाए जा रहे हैं। पार्किंग के लिए एफआरआइ, टी स्टेट और जोशी फार्म को चिन्हित किया गया है।

पानी, टायलेट और चिकित्सा सुविधा साथ-साथ

20 पानी के टैंकर, पांच स्टैंड पोस्ट, 700 वाटर डिस्पेंसर और 40 मोबाइल टायलेट लगाए जा रहे हैं। टायलेट सफाई के लिए 10 सक्शन मशीनें रहेंगी। चिकित्सा सहायता के लिए अलग मेडिकल यूनिट भी तैयार की गई है।

अभेद्य सुरक्षा घेरा

एसपीजी, इंटेलिजेंस ब्यूरो और उत्तराखंड पुलिस बहुस्तरीय सुरक्षा घेरे में कार्यक्रम कराएंगी। परिसर के चारों ओर सीसीटीवी कैमरे, प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड लगातार सक्रिय हैं। मंच से बैकस्टेज तक सुरक्षा की माक ड्रिल भी पूरी कर ली गई है।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें