
दिव्यांग ई-रिक्शा चालक मनीष की मोबाइल वापस मांगने पर हत्या कर दी गई। हरिद्वार पुलिस ने बताया कि अयान ने दोस्त बिलाल के साथ मिलकर मनीष को भेल क्षेत्र में मारा और शव को बोरे में डालकर झाड़ियों में फेंक दिया।
मनीष के पिता की शिकायत पर जांच हुई। पुलिस ने एक आरोपी अयान को हिरासत में ले लिया है और शव बरामद कर लिया है। दूसरे आरोपी बिलाल की तलाश जारी है।
हरिद्वार। अपना मोबाइल मांगने पर दिव्यांग ई रिक्शा चालक की हत्या कर दी गई। रानीपुर कोतवाली में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि विष्णु लोक कॉलोनी निवासी राम आसरे ने अपने बेटे मनीष की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
छानबीन के दौरान मनीष के मोबाइल पर आखिरी कॉल के आधार पर पुलिस ने अयान निवासी पांवधोई ज्वालापुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। तब सामने आया कि अयान ने कुछ दिन पहले कॉल करने के लिए मनीष से मोबाइल लिया था। बाद में वह फोन लेकर फरार हो गया।
मनीष ने अयान के घर जाकर अपना मोबाइल मांगा और पुलिस में शिकायत की बात कही। इसके बाद अयान ने शाम के समय मोबाइल लौटने का वादा कर मनीष को भेल क्षेत्र में मिलने बुलाया।
जहां उसने अपने दोस्त बिलाल निवासी पांवधोई ज्वालापुर के साथ मिलकर मनीष की हत्या कर दी। इसके बाद शव को बोरे में रखकर झाड़ियां में फेंक दिया मनीष की ई रिक्शा को रोड़ी बेलवाला में छोड़कर दोनों फरार हो गए।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि आरोपित की निशानदेही पर ई रिक्शा चालक का शव बरामद कर लिया गया है। फरार आरोपित की तलाश में एक पुलिस टीम दबिश दे रही है।









