
देहरादून के मच्छी बाजार में एक सिरफिरे ने युवती गुंजन श्रीवास्तव की चापड़ से हत्या कर दी। आरोपी आकाश कुमार युवती का पीछा कर रहा था और शादी के बाद बात न करने पर धमका रहा था।
युवती ने पहले पुलिस में शिकायत भी की थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
देहरादून। शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्र मच्छी बाजार में सिरफिरे ने सरेआम युवती के गले पर चापड़ से वार कर उसकी हत्या कर दी। पहले वार में युवती की एक अंगुली कट गई, जबकि दूसरे वार गले पर होने से मौत हो गई।

युवती व आरोपित एक-दूसरे को जानते थे, लेकिन आरोपित की शादी होने के बाद युवती ने उससे बात करना बंद कर दिया। इसके बाद भी वह लगातार उसका पीछा करता रहा और धमकाने लगा। युवती ने खुड़बुड़ा चौकी की पुलिस से शिकायत भी की थी। आरोप है कि शिकायत को पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया।

सोमवार को आरोपित घर से चापड़ लेकर आया और भीड़भाड़ के बीच ही युवती पर वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपित आकाश कुमार निवासी मन्नूगंज को गिरफ्तार कर लिया और चापड़ भी बरामद कर लिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि खुड़बुड़ा की रहने वाली 22 वर्षीय गुंजन श्रीवास्तव उर्फ गुन्नु व आरोपित आकाश कुमार (27) दो साल से एक-दूसरे को जानते थे। आकाश मच्छी बाजार में जूतों की दुकान में काम करता था, जबकि गुंजन दूल्हा बाजार में कपड़ों की दुकान में काम करती थी।

दूल्हा बाजार में भीड़भाड़ होने के चलते वह अपनी स्कूटी रिश्तेदार के घर खड़ी करती थी। सोमवार सुबह करीब 10 बजे वह अपनी स्कूटी खड़ी करने के लिए रिश्तेदार के घर पहुंची तो इसकी भनक आकाश को लग गई। वह चापड़ लेकर पहुंचा और गुंजन से बहस करने लगा

अगले ही पल आरोपित ने गुंजन पर चापड़ से वार कर दिया। पहले वार में गुंजन ने हाथ आगे किया तो उसकी एक अंगुली कट गई। आरोपित ने दूसरा वार गुंजन के गले पर किया, जिसके कारण उसके गले पर गहरा घाव हो गया। शोर मचने पर आरोपित वहां से फरार हो गया।
आसपास के लोगों ने गंभीर रूप से घायल गुंजन को दून अस्पताल पहुंचाया, जहां उसने दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आकाश को मच्छी बाजार के पास से ही दबोच लिया और चापड़ भी बरामद कर लिया।
दो साल पहले हुई आकाश की शादी
पुलिस के अनुसार, आरोपित आकाश और गुंजन करीब दो साल से संपर्क में थे। इसी बीच आकाश की शादी हो गई। इसके बाद भी आकाश लगातार उस पर बात करने का दवाब बनाता रहा, मगर गुंजन दूरी बनाने लगी।
गुंजन के परिवार वाले भी इस पर आपत्ति जताते थे। इसी से नाराज होकर आकाश लगातार उसे धमकी देर रहा था। सोमवार सुबह उसने वारदात को अंजाम दे दिया।
गुंजन ने पुलिस में दी थी शिकायत
आरोपित लगातार गुंजन का पीछा कर रहा था और उसे धमका रहा था। ऐसे में गुंजन 31 जनवरी को खुड़बुड़ा पुलिस चौकी पहुंची और आरोपित के विरुद्ध शिकायत दी। उसने हमले का अंदेशा भी जताया था।
शिकायत मिलने के बाद आरोपित आकाश से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद चीता टीम दो बार आकाश के घर भी भेजी गई, लेकिन परिवार ने बताया कि वह दो-तीन से घर नहीं आया।
अजय सिंह, एसएसपी देहरादून









