
कोटद्वार में ‘बाबा’ नाम को लेकर मुस्लिम व्यापारी की दुकान पर हुए विवाद ने राजनीतिक रंग ले लिया है। राहुल गांधी की जिम संचालक दीपक कुमार के समर्थन में पोस्ट के बाद कांग्रेस ने उनकी सुरक्षा की मांग की।
भाजपा ने राहुल पर नकारात्मक राजनीति का आरोप लगाया। पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च किया और वरिष्ठ अधिकारी ने स्थिति की समीक्षा की। इस मामले में क्रॉस रिपोर्ट भी दर्ज की गई है।

(पौड़ी गढ़वाल)। Kotdwar Baba Name Dispute पौड़ी के कोटद्वार में एक मुस्लिम व्यपारी के दुकान का नाम ‘बाबा’ रखे जाने को लेकर शुरू हुए विवाद में राजनीतिक मोर्चाबंदी भी तेज हो गई है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की जिम संचालक दीपक कुमार के पक्ष में की गई पोस्ट से राजनीति गरमा गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने राहुल गांधी पर नफरत की दुकान चलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसे मामलों को जानबूझकर प्रेरित करना उनकी नकारात्मक राजनीति का उदाहरण है।

वहीं, सोमवार को कांग्रेसजन कोतवाली पहुंचे और दीपक की सुरक्षा के लिए पुलिस को दिया पत्र। उधर सोमवार शाम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार भी कोटद्वार पहुंचे और स्थितियों की समीक्षा की। पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च भी किया।
कोटद्वार के पटेल मार्ग स्थित एक दुकान का नाम ‘बाबा’ रखे जाने को लेकर 28 जनवरी को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं व दुकान स्वामी वकील अहमद के बीच विवाद हो गया था। इसी दौरान वकील अहमद ने अपने परिचित जिम संचालक दीपक कुमार को बुला लिया।
दीपक कुमार ने विवाद को सुलझाने का प्रयास किया। इस दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की जिम संचालक दीपक कुमार व उसके दोस्तों से तीखी बहस भी हुई और हाथापाई तक की नौबत आ गई थी। हालांकि, बाद में मामला शांत हो गया।
शनिवार को यह मामला एक बार फिर उस वक्त तूल पकड़ गया, जब बजरंग दल व अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने दुकान का नाम बदलने की मांग को लेकर जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इस बीच जिम संचालक दीपक कुमार के साथ फिर बजरंग दल के कार्यकार्ताओं की बहस हुई।
रविवार को इस मामले में पुलिस ने दुकान स्वामी वकील अहमद और बजरंग दल की ओर से कमलपाल की शिकायत पर क्रास रिपोर्ट दर्ज कर ली। दुकान स्वामी वकील अहमद ने बजरंग दल के नेता गौरव कश्यप, शक्ति सिंह गुंसाई सहित अन्य पर धमकी देने का आरोप लगाया है।
बजरंग दल की ओर से कमलपाल ने शिकायत में बताया कि शनिवार को विहिप की धर्म रक्षा निधि के लिए जागरूकता यात्रा निकाली जा रही थी और इस दौरान दीपक कुमार, विजय रावत व अन्य ने उन्हें जनसंपर्क करने से रोका। अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
राहुल की पोस्ट के बाद कोतवाली पहुंचे कांग्रेसी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में दीपक को मोहब्बत का प्रतीक बताते हुए लिखा कि हम तुम्हारे साथ हैं भाई, डरो मत, तुम बब्बर शेर हो।
इस पोस्ट के बाद सोमवार को कांग्रेस महिला प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला व जिलाध्यक्ष विकास नेगी के नेतृत्व में कांग्रेसजन कोतवाली पहुंचे। कांग्रेसजनों ने अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह से दीपक कुमार को सुरक्षा मुहैया करवाने की मांग उठाई।
उनका आरोप था कि शनिवार को देहरादून सहित अन्य शहरों से बड़ी संख्या में पहुंचे व्यक्तियों ने दीपक कुमार पर हमले का भी प्रयास किया।
बाबा पर कोई आपत्ति नहीं, लेकिन नाम बदलकर षड्यंत्र नहीं होना चाहिए: भट्ट
देहरादून। पौड़ी गढ़वाल जिले के प्रवेश द्वार कोटद्वार में दुकान का नाम ‘बाबा’ रखने को लेकर हुए विवाद ने राजनीतिक रंग ले लिया है। कांग्रेस के प्रदर्शन और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के इस मुद्दे को तूल देने पर भाजपा ने कड़ा ऐतराज जताया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इस संबंध में प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यदि नाम श्रद्धा से बदले हो तो दीपक भी बनो। ‘बाबा’ नाम पर किसी को कोई आपत्ति नहीं हो सकती, लेकिन नाम बदलकर षड्यंत्र नहीं होना चाहिए।









