
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने शुक्रवार को एक कार्यक्रम में कहा कि चमोली जिले को जल्द अपना मेडिकल कालेज मिलेगा।
कर्णप्रयाग (चमोली)। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि चमोली जिले को जल्द अपना मेडिकल कालेज मिलेगा।आने वाले दिनों में इसकी घोषणा हो जाएगी।
कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पूरी होने पर पर्यटन को नई दिशा तो मिलेगी ही, युवाओं को रोजगार के लिए भी नहीं भटकना पड़ेगा।
बलूनी शुक्रवार को नगर पालिका कर्णप्रयाग की ओर कर्णशिला पर 19.98 लाख की लागत से स्थापित सौ मीटर ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का लोकार्पण और 25 लाख की लागत से बने नगर के प्रवेश द्वार का उद्घाटन करने के बाद समारोह को संबोधित कर रहे थे।
बलूनी ने कहा कि पालिकाध्यक्ष गणेश शाह की ओर से कराए जा रहे कार्य नगर के साथ तीर्थाटन विकास में भी महत्वपूर्ण साबित होंगे।
कहा कि कर्णप्रयाग में राष्ट्रीय ध्वज स्थापित होने से स्थानीय नागरिकों समेत यहां से गुजरने वाले हर तीर्थयात्री में राष्ट्र प्रेम की भावना पैदा करेगा। साथ ही इससे क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी।
कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहाड़ की संस्कृति को देश-दुनिया में पहचान दिला रहे हैं। इजरायल यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री ने पहाड़ की टोपी पहनकर यहां के लोगों का सम्मान किया है।
सांसद ने क्षेत्रवासियों से अपने गांवों को आबाद करने की अपील की और कहा कि जनगणना के दौरान सभी अपने गांवों में नाम दर्ज कराएं। पर्व-त्योहार के मौकों पर अपने गांव पहुंचकर युवा पीढ़ी को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें।
कहा कि वह स्वयं गांव में लोगों के बीच ही होली मनाएंगे। इससे पूर्व महिला संगठनों, महिला मंगलदलों और स्कूली बच्चों ने गढ़वाल सांसद का स्वागत किया।
उमा पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने देशप्रेम गीत प्रस्तुत किए। महिला मंगल दलों ने कीर्तन-भजन की प्रस्तुति दी।
बाद में बलूनी लाटूगैर स्थित उमा माहेश्वर आश्रम पहुंचे और गोरक्ष-गोधाम में बाबा भोलानाथ की समाधि पर पुष्प अर्पित करने के साथ गोशाला में गोवंश को चारा खिलाया।
उन्होंने कहा कि गोवंश की सेवा को उनके शिष्य ऐश्वर्यनाथ आगे बढ़ा रहे हैं, जो कि पुण्य का कार्य है।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री, नंदादेवी राजजात समिति के महामंत्री भुवन नौटियाल, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, पूर्व मंत्री राजेंद्र भंडारी, भाजपा महामंत्री अरुण मैठाणी, प्रदेश मीडिया प्रभारी सतीश लखेड़ा, विक्रम सिह मिंगवाल, टीका प्रसाद मैखुरी, सुभाष चमोला, बृजेश बिष्ट समेत सभासद और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।









