
उत्तराखंड के हरिद्वार में साल 2027 में अर्धकुंभ मेले का आयोजन होना है, जिसकी तैयारियों में सरकार अभी से जुटी हुई है.
देहरादून: हरिद्वार में लगने वाले साल 2027 में अर्धकुंभ मेले को लेकर राज्य सरकार पहले से ही तैयारी में जुटी हुई है. इस बार सरकार अर्धकुंभ मेले को महाकुंभ की तर्ज पर आयोजित करने जा रही है.
इसी कड़ी में केंद्र सरकार से उत्तराखंड की धामी सरकार ने एक बड़े बजट की मांग की थी. आज केंद्र सरकार ने हरिद्वार में आयोजित होने वाले अर्धकुंभमेले के लिए 500 करोड रुपए का बजट जारी कर दिया है.
गौर करने वाली बात ये है कि साल 2021 के हरिद्वार कुंभ के लिए केंद्र सरकार ने 375 करोड रुपए जारी किए थे, जबकि में इस बार खर्च होने वाले पैसा डबल हो गया है. इस बजट के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीएम मोदी और केंद्र सरकार को आभार व्यक्त किया है.
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कुंभ मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और सामाजिक समरसता का विश्वविख्यात महापर्व है. केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत यह धनराशि कुंभ मेला 2027 को दिव्य,
भव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. इससे आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण, यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार निरंतर उत्तराखंड के विकास के लिए प्रतिबद्ध है. चारधाम परियोजना, ऑल वेदर रोड, रेल एवं हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार सहित विभिन्न विकास कार्यों में केंद्र का सहयोग राज्य के लिए संबल सिद्ध हुआ है. कुंभ मेला 2027 के सफल आयोजन के लिए यह सहयोग राज्य सरकार के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेगा.
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार समयबद्ध, पारदर्शी व गुणवत्ता पूर्ण कार्य सुनिश्चित करते हुए दिव्य और भव्य कुंभ मेला 2027 आयोजित करने के लिए प्रतिबद्ध है.
बता दें कि साल 2027 में उत्तराखंड में न सिर्फ अर्धकुम्भ जैसे बड़ा कार्यक्रम होना है, बल्कि इस साल नंदा राज यात्रा भी आयोजित है. इसे भी उत्तराखंड का कुंभ कहा जाता है. इसके अलावा इस साल यानी 2027 में विधानसभा चुनाव भी है.
2027 के चुनाव को देखते हुए सरकार भी हरिद्वार अर्ध कुम्भ और नंदा राज यात्रा में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है. इसीलिए बीते दिनों मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर हरिद्वार अर्धकुम्भ 2027 के लिए बड़े बजट की मांग की थी, जो आज राज्य सरकार को मिल गया.
हरिद्वार में गंगा सभा के पूर्व अध्यक्ष अशोक त्रिपाठी ने कहा कि कुंभ में तो बड़ा बजट जारी होता आया है, लेकिन अर्द्धकुंभ में इतना बजट पहली बार जारी हुआ है. अब देखना होगा की काम कितनी तेज़ी से होता है. वहीं वरिष्ठ पत्रकार सुनील दत्त पांडेय कहते है कि जारी किया गया बजट महा कुम्भ से भी अधिक है.
इसका मतलब साफ़ कि धामी की बात को केंद्र और खासकर पीएम मोदी ने तव्वजों दी है. बीजेपी के लिए ये आयोजन चुनावी मौसम में फायदे का भी सौदा होगा. साथ ही हरिद्वार के लिए अच्छी बात यह है कि इतना बड़ा बजट शहर में खर्च होगा.









