
19 अप्रैल से शुरू हो रही चारधाम यात्रा के लिए पुलिस विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। यात्रियों की संभावित बढ़ोतरी को देखते हुए, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए 1600 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी।
देहरादून। 19 अप्रैल से शुरू होने जा रही चारधाम यात्रा को सुचारू ढंग से चलाने के लिए पुलिस विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस साल यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी होने की संभावना को देखते हुए यात्रा संचालन के लिए पुलिस मुख्यालय ने पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप के पर्यवेक्षण में सैल का गठन करने के बाद यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण व सुरक्षा व्यवस्था बनाने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं।
इस बार 1600 सीसीटीवी कैमरों से चारों धामों की यात्रा की निगरानी की जाएगी। यात्रा सुचारू ढंग से चलाने के लिए बनाई जाएगी 74 वाच एंड वार्ड पुलिस चौकी बनाई जाएगी जबकि यात्रा रूटों पर 106 पार्किंग स्थल और 31 स्थानों पर रहेगी एसडीआरएफ तैनात की जाएगी।
यात्रा के दौरान दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है ऐसे में बड़ी संख्या में वाच एंड वार्ड पुलिस चौकी व एसडीआरएफ तैनाती स्थल बनाए गए हैं। उत्तरकाशी, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, देहरादून व हरिद्वार जिले में 51 टूरिस्ट पुलिस असिस्टेंट बूथ बनाए जाएंगे, ताकि यदि किसी यात्री को यात्रा संबंधी जानकारी हासिल करनी है तो वह इन बूथों पर पूछताछ कर सकेंगे।
104 स्थानों पर बनाए जाएंगे होल्टिंग स्थल
चारधाम यात्रा में भीड़ भाड़ अधिक होने पर तीर्थयात्रियों को रास्ते में जगह-जगह रोकना पड़ता है। रास्ते में उन्हें किसी तरह से दिक्कतों का सामना न करना पड़े, इसके लिए आठ जिलों में 104 होल्टिंग स्थल बनाए गए हैं। यहां पर यात्रियों के लिए रहने-खाने व रात्रि विश्राम की व्यवस्था रहेगी।
इसके अलावा गढ़वाल परिक्षेत्र में 54 स्थलों पर आपदा टीमों का व्यवस्थापन भी किया जाएगा, ताकि किसी भी आपदा में वह तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कर सकें।
स्नानघाटों पर जल पुलिस, गोताखोर होंगे तैनात
चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्री हरिद्वार, ऋषिकेश, देवप्रयाग, मुनिकीरेती, शिवपुर सहित अन्य स्नानघाटों पर स्नान करते हैं। कई बार तीर्थयात्रियों की डूबने की संभावना बनी रहती है। ऐसे में 17 स्थलों पर गोताखोर, 24 स्थलों पर जल पुलिस व सात स्थानों पर फ्लड टीमें भी तैनात रहेगी।
पैरामिलिट्री फोर्स के लिए आज मुख्यालय में बैठक
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के साथ आगामी वर्ष 2027 में होने वाले अर्धकुंभ को लेकर पुलिस विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी है। इस बार भारी संख्या में पैरा मिलिट्री फोर्स की जरूरत होगी, ऐसे में बुधवार को पुलिस मुख्यालय में बाहरी से मंगाई जाने वाली पैरा मिलिट्री फोर्स के लिए बैठक बुलाई गई है।
इसमें चारधाम यात्रा व अर्द्धकुंभ के लिए पैरा मिलिट्री फोर्स को लेकर प्रस्ताव तैयार किया जाएगा, जिसे केंद्र सरकार को भेजा जाना है।
चारधाम यात्रा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण व सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस फोर्स तैनात किया जाएगा। तीर्थयात्रियों को किसी तरह की परेशान न उठानी पड़े, इसके लिए जगह-जगह होल्टिंग स्थल बनाए जाएंगे। भीड़ नियंत्रण के लिए भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात रहेगा जबकि यातायात व्यवस्था को देखते हुए पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे।
राजीव स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र









