Big Breaking:-हेमकुंड व लोकपाल दर्शन को पहुंचे रिकार्ड यात्री, अब तक 2.71 लाख से अधिक, यात्रियों में भारी उत्साह

इस वर्ष वर्षा के कारण चारधाम यात्रा में कम यात्री आए, लेकिन हेमकुंड साहिब और लोकपाल लक्ष्मण मंदिर में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। 25 मई से 8 अक्टूबर तक 2.71 लाख से अधिक यात्रियों ने दर्शन किए।

दुर्गम मार्ग होने के बावजूद यात्रियों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है, जिसमें विदेशी पर्यटक भी शामिल हैं। फूलों की घाटी के पास होने से ट्रेकिंग का आकर्षण भी बढ़ गया है। कपाट 10 अक्टूबर को बंद होंगे, जिसके लिए विशेष तैयारियाँ की जा रही हैं।

गोपेश्वर। वर्षाकाल की दुश्वारियों के चलते भले ही इस वर्ष चारधाम पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या कम रही हो, लेकिन हेमकुंड साहिब व लोकपाल लक्ष्मण मंदिर में दर्शन को रिकार्ड यात्री पहुंचे। यह हेमकुंड साहिब यात्रा के इतिहास की सबसे बड़ी संख्या है।

25 मई को कपाट खुलने से लेकर आठ अक्टूबर तक 2.71 लाख से अधिक यात्री हेमकुंड साहिब व लोकपाल लक्ष्मण मंदिर में मत्था टेक चुके हैं। दोनों धाम के कपाट 10 अक्टूबर को बंद किए जाने हैं।

चमोली जिले में समुद्रतल से 15,225 फीट की ऊंचाई पर स्थित हेमकुंड साहिब व लोकपाल लक्ष्मण मंदिर की यात्रा को अति दुर्गम माना जाता है। दोनों ही धाम के कपाट 22 मई से एक जून के मध्य खोले जाते हैं और 10 अक्टूबर को बंद कर दिए जाते हैं। धाम में ठहरने की सुविधा नहीं है, इसलिए यात्रियों को दर्शन करने के बाद तुरंत घांघरिया के लिए वापसी करनी पड़ती है।

बावजूद इसके इस बार यहां पहुंचने वाली यात्रियों की संख्या में रिकार्ड वृद्धि हुई है। बताया गया कि इस बार विदेश से भी बड़ी संख्या में यात्री हेमकुंड पहुंच रहे हैं। ट्रेकिंग का आकर्षण भी उन्हें यहां खींच रहा है।

खास बात यह कि फूलों की घाटी के भी हेमकुंड के बेस कैंप घांघरिया के पास होने के कारण यह ट्रेक गुलजार है। फूलों की घाटी जाने वाले पर्यटकों में बड़ी संख्या हेमकुंड आने वाले यात्रियों की है।

वर्षवार हेमकुंड साहिब पहुंचे यात्री

वर्षयात्रियों की संख्या
2025 (आठ अक्टूबर तक)2,71,000
20242,20,000
20232,05,000
20221,90,000
कुल योग8,86,000

हेमकुंड साहिब में जम चुकी है दो फीट बर्फ

गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनजमेंट ट्रस्ट 10 अक्टूबर को कपाट बंद करने की तैयारियों में जुटा है। बुधवार को 500 से अधिक यात्रियों ने धाम में मत्था टेका।

अब तक हेमकुंड साहिब में दो फीट से अधिक बर्फ जम चुकी है। हेमकुंड से अटलाकोटी तक तीन किमी क्षेत्र भी बर्फ से लकदक हो गया है। इसलिए यात्री खासे उत्साहित नजर आ रहे हैं।

हेमकुंड साहिब व लोकपाल लक्ष्मण मंदिर में दर्शन को इस बार रिकार्ड यात्री पहुंचे हैं। कपाट बंद करने के उत्सव को यादगार बनाने के लिए संगतों के साथ तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस अवसर पर दर्शन के लिए बड़ी संख्या में यात्री गोविंदघाट व घांघरिया पहुंचने लगे हैं। दोनों धामों की पांच क्विंटल फूलों से भव्य सजावट की जा रही है।

-सरदार सेवा सिंह, सीईओ, गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट

Ad

सम्बंधित खबरें