Big Breaking:-ऋषिकेश: योगनगरी रेलवे ट्रैक पर चढ़े हाथी, गश्ती दल ने बमुश्किल उतारा

ऋषिकेश में हाथियों का आतंक बढ़ रहा है। योगनगरी रेलवे ट्रैक पर कई हाथी चढ़ गए, जिन्हें वन विभाग और आरपीएफ ने सुरक्षित हटाया।

ऋषिकेश। बाईपास मार्ग पर हाथियों का आतंक कई दिनों से लगातार बढ़ने लगा है। बीते मंगलवार रात कई हाथी योगनगरी रेलवे स्टेशन के नये रेलवे ट्रैक पर चढ़ गए।

भूमि से कई फीट की ऊंचाई पर बने इस ट्रैक पर चढ़ने से हाथियों के चोटिल होने और ट्रेन की चपेट में आने की आशंका को लेकर वन विभाग व आरपीएफ कर्मियों की सांसें थमी रहीं।

हालांकि, काफी प्रयास के बाद हाथियों को ट्रैक से सुरक्षित उतारकर जंगल में खदेड़ा गया। वहीं, बीते बुधवार की रात दो हाथी दो शिशु हाथी के साथ कई घंटे तक मनसा देवी वार्ड में आबादी क्षेत्र में घूमते रहे।

बुधवार को मनसा देवी वार्ड में रात करीब 11 बजे दो हाथी दो शिशु हाथी के साथ आबादी क्षेत्र में घुस गए। स्थानीय लोगों ने हाथियों को घरों के बाहर से गुजरता देखा तो वे सहम गए। उन्होंने आस-पास के लोगों को चिल्लाते हुए सूचित किया।

वन विभाग को सूचना मिलते ही विभागीय रेस्क्यू प्रभारी कमल राजपूत गश्ती टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हाथी का पीछा करते हुए उन्हें आबादी से जंगल की ओर खदेड़ने में जुटे रहे।

कई बार हाथी अपने साथ चल रहे हाथी शिशुओं को खतरे की आशंका के चलते गश्ती दल पर हमला करने को भी दौड़े। हालांकि, गश्ती दल ने सूझबूझ का परिचय देते हुए किसी अनहोनी को टाल दिया।

गश्ती दल ने हवाई फायरिंग कर हाथियों को बमुश्किल जंगल की ओर खदेड़ा। सुबह करीब पांच बजे गश्ती दल रेस्क्यू पूरा कर जंगल से लौटा।

वही, मंगलवार रात को ऋषिकेश वन रेंज के अंतर्गत तीन हाथी बाईपास मार्ग पर गुजर रहे योगनगरी रेलवे स्टेशन के नये रेलवे ट्रैक पर चढ़ गए।

उनके साथ शिशु हाथी भी नजर आ रहा है। रेलवे ट्रैक से गुजर रहे हाथियों का यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर खूब प्रसारित हो रहा है।

वन क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश रेंज गंभीर सिंह धमांदा ने कहा कि हाथी प्रभावित क्षेत्रों में गश्ती दल को अलर्ट पर रखा गया है। योगनगरी रेलवे ट्रैक के समीप भी हाथियों को पहुंचने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है।

जरा सी चूक से हो सकता था बड़ा हादसा

वन विभाग के रेस्क्यू प्रभारी कमल राजपूत ने बताया कि मंगलवार रात को कई हाथी नये रेल ट्रैक पर चढ़ गए थे।

बताया कि योगनगरी रेलवे स्टेशन का नया रेल ट्रैक सड़क से कई फीट की ऊंचाई पर बनाया गया है। ऊंचाई पर बने रेल ट्रैक पर हाथियों के गिरकर चोटिल होने का भी खतरा बना हुआ था।

साथ ही यह भी आरपीएफ कर्मियों की यह भी चिंता थी कि हाथी रेल ट्रैक को किसी तरह की क्षति न पहुंचाएं।

यदि ऐसा होता तो यह रेल संचालन को प्रभावित कर सकता था और रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी खतरनाक साबित हो सकता था।

हालांकि, वन विभाग ने आरपीएफ के सहयोग से बमुश्किल हाथियों को रेल ट्रैक से सुरक्षित नीचे उतारकर जंगल की ओर खदेड़ा।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें