Big Breaking:-देहरादून में हुई लूट का खुलासा, घर का भेदी ही निकला सूत्रधार; पूर्व ड्राइवर गिरफ्तार

देहरादून पुलिस ने अजंता होटल मालिक की बुजुर्ग मां के घर हुई लूट का खुलासा किया है। इस वारदात का मास्टरमाइंड घर का पूर्व ड्राइवर शफात अली निकला, जिसने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर योजना बनाई थी।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आठ लाख रुपये की ज्वैलरी और नकदी बरामद की है। ड्राइवर को कोरोना काल में नौकरी से निकाला गया था, जिससे उसने बदला लेने की सोची।

अजंता होटल के मालिक के घर पर उनकी बुजुर्ग मां से लूट में पुलिस की कार्रवाई पूर्व ड्राइवर ने रिश्तेदारों संग रची साजिश, आठ लाख की ज्वैलरी व नकदी बरामद

देहरादून। राजपुर रोड क्षेत्र में अजंता होटल के मालिक के घर पर उनकी बुजुर्ग मां के साथ हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का दून पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

इस वारदात का मास्टरमाइंड वादी के घर का पूर्व ड्राइवर ही निकला, जिसने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर पूरी योजना को अंजाम दिया। पुलिस ने लूटे गए आठ लाख के जेवर भी बरामद कर लिए हैं।

बीते 18 जनवरी की तड़के पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि राजपुर रोड स्थित साक्या अस्पताल के पास भुवन गांधी के आवास पर अज्ञात बदमाशों ने उनकी बुजुर्ग माता को डरा-धमकाकर लूट की घटना को अंजाम दिया है।

सूचना मिलते ही थाना राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उनका पुत्र 16 जनवरी को दिल्ली गया हुआ था।

17 जनवरी की रात दो अज्ञात व्यक्ति कमरे में घुसे, उन्हें धमकाया और अलमारी में रखे जेवर व नगदी लूटकर मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए। तहरीर पर थाना राजपुर में अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई टीमों का गठन किया गया।

सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने बुधवार को किरसाली चौक से मालदेवता रोड के बीच योगराज फार्म बैंड के पास चेकिंग के दौरान तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में मुख्य आरोपित शफात अली ने खुलासा किया कि वह काठबंगला क्षेत्र में किराये पर रहता है और पूर्व में पीड़ित के घर ड्राइवर का काम करता था, लेकिन कोरोना काल में उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। हालांकि, बुजुर्ग महिला कभी-कभार गुरुद्वारे जाने के लिए उसे बुला लेती थीं।

इसी दौरान उसे पता चला कि घर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं और घटना के दिन महिला घर पर अकेली थीं। इस जानकारी के बाद शफात अली ने अपने साले नदीम और रिश्तेदार इश्तियाक के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई। तीनों ने रात के अंधेरे में घर के पिछले हिस्से से प्रवेश कर खिड़की के रास्ते अंदर घुसकर लूट को अंजाम दिया और फरार हो गए।

शत-प्रतिशत माल बरामद

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में लूटी गई करीब आठ लाख रुपये की ज्वेलरी, एक लाख 54 हजार रुपये नकद, पीड़िता का आइफोन और वारदात में प्रयुक्त वैगन-आर कार बरामद कर ली है।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें