
रुद्रप्रयाग के तिलवाड़ा में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। नेपाली मूल की एक महिला कमला शाही और उसके नौ वर्षीय बेटे रोशन सिंह के सड़े-गले शव कमरे से बरामद हुए हैं।
रुद्रप्रयाग। जिले के तिलवाड़ा क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां नेपाली मूल की एक महिला और उसके नौ वर्षीय बेटे के सड़े-गले शव कमरे के अंदर से बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मानते हुए जांच शुरू कर दी है, जबकि महिला का पति घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तिलवाड़ा-सुमाड़ी क्षेत्र में विद्युत कॉलोनी के पास बस्ती से दूर नेपाल मूल का दीपक बहादुर अपनी पत्नी कमला शाही (34 वर्ष) और बेटे रोशन सिंह (9 वर्ष) के साथ पिछले पांच वर्ष से अधिक समय से किराये के कमरे में रह रहा था।
बताया जा रहा है कि पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से कमरा बंद था। जब मकान मालिक उस ओर गए तो कमरे से तेज दुर्गंध आ रही थी। शक होने पर उन्होंने इसकी सूचना कोतवाली रुद्रप्रयाग पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कमरे के बाहर से ताला लगा हुआ था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो वहां महिला और उसके बेटे के शव पड़े मिले, जो बुरी तरह से सड़ चुके थे। इस दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने मां-बेटे की हत्या की आशंका जताई है। घटना के बाद से महिला का पति दीपक बहादुर फरार है, जिससे उस पर संदेह गहराता जा रहा है।
कोतवाली निरीक्षक सुरेश चंद्र बलूनी ने बताया कि मामले में कोतवाली रुद्रप्रयाग में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फरार आरोपित की तलाश शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









