
सीबीआई ने देहरादून में वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी संजय कुमार को 5000 रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। रुड़की के एक टैक्स अधिवक्ता की शिकायत पर यह कार्रवाई हुई।
देहरादून। सीबीआइ के एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने देहरादून में तैनात वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी संजय कुमार को 5000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
सीबीआइ अब सांख्यिकी अधिकारी की चल-अचल संपत्ति की जांच कर रही है। सीबीआइ ने आरोपित का दो दिन का कस्टडी रिमांड लिया है।
रुड़की निवासी टैक्स अधिवक्ता प्रभात कुमार अग्रवाल ने सीबीआइ को शिकायत पत्र देकर बताया था कि वह हरिद्वार की प्लाईवुड इकाई बीएस इंडस्ट्री का टैक्स संबंधी कार्य देखते हैं।
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के देहरादून कार्यालय से प्रत्येक वर्ष वार्षिक रिटर्न दाखिल करने के लिए कंपनी का डाटा एकत्रित किया जाता है।
आरोप है कि पिछले कुछ समय से वरिष्ठ सांख्यिकी अधिकारी संजय कुमार वार्षिक रिटर्न को दाखिल करने के एवज में 5000 रुपये की धनराशि बतौर रिश्चत मांग रहे थे।
24 फरवरी को संजय कुमार ने मोबाइल पर काल कर एक मोबाइल नंबर भेजकर उस पर 5000 रुपये तत्काल ट्रांसफर करने को कहा। जब उन्होंने रकम ट्रांसफर नहीं की तो 25 फरवरी की सुबह दोबारा रुपयों की मांग की गई।
इस पर अधिवक्ता ने नकद राशि देने को कहा। गुरुवार देर रात सीबीआइ ने आरोपित को रिश्वत लेते हुए उसके दून सालावाला स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया गया।









