
श्वेता चौबे ने संभाली टिहरी जनपद की कमान, कार्यभार ग्रहण कर गिनाईं प्राथमिकताएं
टिहरी- जनपद टिहरी गढ़वाल में नव नियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने भद्रकाली मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर तत्पश्चात कार्यभार ग्रहण किया।

बता दें कि श्वेता चौबे पुलिस कार्यालय नई टिहरी पहुंचीं, जहां उन्हें पुलिस बल ने औपचारिक सलामी दी। सलामी ग्रहण करने के बाद उन्होंने जनपद के समस्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचयात्मक बैठक की।
बैठक के दौरान उन्होंने जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और जन सुरक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। नवनियुक्त एसएसपी श्वेता चौबे ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना,
अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
जनता के साथ संवेदनशील एवं मित्रवत व्यवहार रखें। इसके बाद एसएसपी ने पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों, कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं तकनीकी दक्षता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जनपद में चल रहे अभियान विशेष रूप से नशा उन्मूलन, साइबर अपराध रोकथाम,
महिला सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। साथ ही, पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने के लिए सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने के सभी अधिकारी गण को निर्देश दिए।









