
दिल्ली हाईवे पर आधी रात को दो कारों में सवार युवकों ने उत्तराखंड रोडवेज बस में तोड़फोड़ की। हल्द्वानी से हिसार जा रही बस पर गजरौला फ्लाईओवर के पास हमला हुआ, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई।
पुलिस के पहुंचने से पहले हमलावर फरार हो गए। चालक की शिकायत पर यूपी पुलिस ने रिसीविंग भी नहीं दी, जिससे उनकी संवेदनहीनता उजागर हुई। यात्रियों को ठंड में दूसरी बस में शिफ्ट करना पड़ा।
हल्द्वानी। दिल्ली हाईवे पर आधी रात को दो कारों में सवार युवकों ने दबंगई दिखाते हुए हिसार जा रही रोडवेज बस में तोड़फोड़ कर दी। आधी रात को हुई इस घटना से सवारियों में भी दहशत मच गई।
पुलिस के आने तक आरोपित गाड़ियां लेकर फरार हो गए थे। मामले को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस की संवेदनहीनता भी देखने को मिली। चालक के लिखित शिकायत करने पर उसे रिसीविंग तक नहीं दी गई।
रोडवेज के काठगोदाम डिपो की एक बस रोजाना की तरह सोमवार रात आठ बजे हल्द्वानी से हरियाणा के हिसार के लिए रवाना हुई थी। चालक शिवराज सिंह ने बताया कि गाड़ी में 40 यात्री बैठे थे। साढ़े 12 बजे करीब गजरौला फ्लाईओवर के पास चढ़ाई के कारण बस की रफ्तार धीमी हो गई।
इस बीच दो कारों में सवार युवकों ने रोडवेज बस के आगे अपनी गाड़ी लगाकर चालक-परिचालक से यह कहते हुए गालीगलौज शुरू कर दी कि रोडवेज की रफ्तार कम होने की वजह से उनकी कार बस में भिड़ सकती थी।
विवाद बढ़ने पर डंडे से बस के शीशे तोड़ना शुरू कर दिया। जिससे यात्रियों में भी दहशत का माहौल पैदा हो गया। इस बीच टोल फ्री नंबर मिलाकर गजरौला पुलिस को सूचना देने पर जवान मौके पर भी पहुंचे थे। लेकिन तब तक दो कारों में सवार लोग गायब हो चुके थे। वहीं, चालक शिवराज सिंह ने बताया कि घटना के बाद वह गजरौला पुलिस चौकी में लिखित शिकायत लेकर पहुंचे थे। मगर पुलिस ने रिसीविंग तक नहीं दी।
दिल्ली से बस मंगाकर शिफ्ट किए यात्री
ठंड के बीच बस का फ्रंट शीशा टूटने की वजह से आधी रात यात्रियों की कंपकंपी छूट रही थी। एआरएम गणेश पंत ने बताया कि दिल्ली में खड़ी रोडवेज की दूसरी बस को खाली बुलाने के बाद हिसार की सवारियों को उसमें शिफ्ट किया गया।







