
आज से गढ़वाल में ग्रीन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू हो रही है। ग्रीन कार्ड की सुविधा पौड़ी के साथ-साथ कोटद्वार, रुद्रप्रयाग और कर्णप्रयाग में भी उपलब्ध कराई गई है।
चारधाम यात्रा की तैयारियों के लिए परिवहन विभाग ने गतिविधि तेज कर दी है। यात्रा में शामिल होने वाले वाहनों की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के उद्देश्य से आज बृहस्पतिवार से गढ़वाल मंडल में ग्रीन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
गढ़वाल संभाग के आरटीओ द्वारिका प्रसाद ने बताया कि ग्रीन कार्ड की सुविधा पौड़ी के साथ-साथ कोटद्वार, रुद्रप्रयाग और कर्णप्रयाग में भी उपलब्ध कराई गई है। इन स्थानों पर विशेष काउंटर स्थापित किए गए हैं, जहां चारधाम यात्रा में संचालित होने वाले व्यावसायिक वाहनों का फिटनेस परीक्षण, बीमा, परमिट और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का गहन सत्यापन किया जाएगा।
बिना ग्रीन कार्ड के किसी भी व्यावसायिक वाहन को यात्रा में संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके अलावा चालकों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं, जिनमें सुरक्षित ड्राइविंग, ओवरलोडिंग से बचाव और यातायात नियमों का सख्ती से पालन शामिल है।









