Big Breaking:-यहां MBBS छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से मचा हड़कंप

देहरादून : उत्तराखंड के जौलीग्रांट क्षेत्र स्थित एक प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में उस समय सनसनी फैल गई, जब एमबीबीएस प्रथम वर्ष की 19 वर्षीय छात्रा का शव हॉस्टल के कमरे में संदिग्ध अवस्था में पाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही यूनिवर्सिटी परिसर में हड़कंप मच गया और छात्र-छात्राओं में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्रा बीते कई घंटों तक अपने कमरे से बाहर नहीं निकली थी। इस पर सहपाठियों और हॉस्टल स्टाफ को अनहोनी की आशंका हुई। जब दरवाजा खोला गया तो छात्रा का शव कमरे के अंदर पंखे से लटका मिला। इसके बाद तुरंत यूनिवर्सिटी प्रशासन ने जौलीग्रांट चौकी को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतका मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले की रहने वाली थी और हाल ही में मेडिकल की पढ़ाई के लिए देहरादून आई थी।

सीओ सदर विवेक कुटियाल ने बताया कि शुरुआती जांच और सहपाठियों से मिली जानकारी के आधार पर यह आशंका जताई जा रही है कि किसी छात्र के साथ हुए आपसी विवाद के चलते छात्रा मानसिक तनाव में थी। हालांकि, फिलहाल कमरे से कोई सुसाइड नोट या अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है।

पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की सूचना देकर देहरादून बुला लिया है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की मौजूदगी में ही पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके साथ ही छात्रा के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल्स और सोशल मीडिया अकाउंट्स की भी जांच की जा रही है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।

घटना के बाद यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से शोक व्यक्त किया गया है, वहीं परिसर में सुरक्षा और काउंसलिंग व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें