Big Breaking:-फ्री वाई-फाई पर खतरा: हैकर्स चुरा सकते हैं बैंक डेटा और निजी जानकारी

साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन ने मुफ्त वाई-फाई के इस्तेमाल से होने वाले खतरों के प्रति आगाह किया है।

देहरादून। डिजिटल दौर में इंटरनेट हर किसी की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। लोग घर, आफिस, बाजार, होटल व कैफे रेलवे एवं बस स्टेशन जैसी जगहों पर फ्री वाई-फाई का इस्तेमाल करना पसंद करते हैं।

फ्री के वाई-फाई का लालच कई बार भारी पड़ जाता है। थोड़ी सी लापरवाही के कारण हैकर्स बैंक खाता खाली और निजी डेटा चुरा सकते हैं। ऐसे में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन ने फ्री वाई-फाई का इस्तेमाल से बचने की सलाह दी है।

साइबर अपराधी भीड़भाड़ वाली जगहों पर फर्जी या असुरक्षित वाई-फाई नेटवर्क तैयार कर लेते हैं। कोई व्यक्ति उस नेटवर्क से कनेक्ट करता है तो हैकर्स उस मोबाइल को हैक कर लेते हैं और मोबाइल की गतिविधियों पर नजर रखते हैं।

इस दौरान यदि यूजर इंटरनेट बैंकिंग, यूपीआइ, ई-मेल या इंटरनेट मीडिया का इस्तेमाल करता है तो हैकर्स गोपनीय जानकारी जुटाकर बैंक खाता खाली कर देते हैं। गोपनीय जानकारी अपने पास रखकर यूजर को ब्लैकमेल करते हैं।

वाई-फाई नेटवर्क बनाकर लोगों को करते हैं आकर्षित

भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जब कोई यूजर वाई-फाई आन करता है तो उसमें कई नेटवर्क खुलकर आते हैं। कई नेटवर्क ऐसे होते हैं, जिसमें पासवर्ड की जरूरत नहीं पड़ती। नेटवर्क या नाम पर क्लिक करने पर वाई-फाई आन हो जाता है।

इसके अलावा कई नेटवर्क लोकप्रिय से होते हैं, जोकि लोगों को आकर्षित करते है। इसके अलावा कई बार फ्री वाई-फाई से कनेक्ट होने पर मोबाइल या लेपटाप में मलवेयर या स्पाइवेयर भी इंस्टाल हो सकता है।

इससे आपकी निजी तस्वीरें, दस्तावेज, ई-मेल या अन्य महत्वपूर्ण जानकारी चोरी होने का खतरा रहता है। हैकर्स इन गोपनीय जानकारियों का गलत इस्तेमाल भी कर सकते हैं।

साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन ने किया अलर्ट जारी

  • सार्वजनिक स्थानों पर खुले वाई-फाई नेटवर्क का उपयोग करते समय सावधानी बरतें। हैकर्स आपकी बैंकिंग जानकारी और पासवर्ड चुरा सकते हैं।
  • विश्वसनीय नेटवर्क का ही चयन करें।
  • संवेदनशील कार्यों के लिए मोबाइल डेटा का प्रयोग करें।
  • यदि आप साइबर अपराध के शिकार हैं तो 1930 पर काल करें और अपनी शिकायत cybercrime.gov.in पर दर्ज करें।

ऐसे करें बचाव

  • फ्री नेटवर्क से जुड़े होने पर इंटरनेट बैंकिंग, यूपीआइ या आनलाइन पेमेंट करने से बचें
  • फ्री वाई-फाई या अजीब नाम वाले नेटवर्क से कनेक्ट होने से पहले उसकी विश्वसनीयता जरूर जांच लें
  • मोबाइल या लेपटाप में आटो कनेक्ट बंद रखें ताकि डिवाइस किसी नेटवर्क से न जुड़ पाए
  • पब्लिक वाई-फाई पर आधार, बैंक डिटेल्स, पासवर्ड जैसी निजी जानकारी भरने से बचें
  • ई-मेल या किसी भी अकाउंट का उपयोग करने के बाद तत्काल लाग आउट करें

पब्लिक वाई-फाई का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। मुफ्त वाई-फाई का उपयोग करते समय कभी भी इंटरनेट बैंकिंग, यूपीआइ ट्रांजेक्शन या किसी भी प्रकार की वित्तीय गतिविधि न करें। अनजान नेटवर्क से कनेक्ट होने से पहले उसके बारे में पूरी जानकारी जुटा लें।


– अजय सिंह, एसएसपी, एसटीएफ

Ad Ad

सम्बंधित खबरें