
हरिद्वार के हरकी पैड़ी स्थित मालवीय घाट पर सऊदी अरब के शेख की वेशभूषा में दो युवकों के घूमने से हड़कंप मच गया। श्री गंगा सभा और तीर्थ पुरोहितों ने कड़ी आपत्ति जताई, जिससे पुलिस प्रशासन में भी खलबली मच गई।
यह घटना कुंभ क्षेत्र को अमृत क्षेत्र घोषित करने और गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की मांग के बीच हुई है। पुलिस ने जब उन्हें पकड़ा तो दोनों युवक बोले वे तो हिंदू हैं और बिजनौर के रहने वाले हैं।
हरिद्वार। कुंभ क्षेत्र हरिद्वार को अमृत क्षेत्र घोषित करने और गैर-हिंदुओं के लिए प्रतिबंधित करने मांग के बीच हरकी पैड़ी के मालवीय घाट क्षेत्र में सोमवार को सऊदी अरब के शेख की वेशभूषा में दो युवक घूमते हुए नजर आए।

इस पर गंगा सभा के पदाधिकारियों और हरिद्वार के तीर्थ पुरोहितों ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। मामले को लेकर पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। हरकी पैड़ी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
तीर्थ पुरोहितों ने इस संवेदनशील और गंभीर प्रकरण में सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। इस पर उन्होंने कहा कि वे दोनों हिन्दू हैं और उत्तर प्रदेश के बिजनौर के रहने वाले हैं।

दरअसल, बीते कुछ दिनों से तीर्थ पुरोहित और साधु-संत लगातार यह मांग उठा रहे हैं कि हरिद्वार के कुंभ क्षेत्र को हरकी पैड़ी क्षेत्र की भांति गैर-हिंदुओं के लिए निषेध क्षेत्र घोषित किया जाए।
- हरकी पैड़ी क्षेत्र में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और सख्त किए जाने की मांग की जा रही है।
- इस संवेदनशील विषय को लेकर पुलिस प्रशासन अब तक गंभीर नजर नहीं आया।
- मंगलवार दोपहर एक वीडियो सामने आने के बाद हरकी पैड़ी क्षेत्र की सुरक्षा का दावा करने वाली पुलिस हरकत में आई।
प्रसारित वीडियो में दो युवक सऊदी अरब की पारंपरिक पोषाक थोब, गुतरा और अगल पहने हुए हरकी पैड़ी के मालवीय घाट क्षेत्र में घूमते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में एक युवक अपना नाम अविमुल्ला और दूसरे ने प्रिंस शाजिद बताया।
- हरकी पैड़ी में प्रवेश से किसी द्वारा रोके जाने के प्रश्न पर युवक अविमुल्ला ने कहा कि हिंदुस्तान एक खुला देश है, हम जहां चाहें जा सकते हैं।
- सऊदी अरब के लोगों की वेशभूषा में युवकों के हरकी पैड़ी क्षेत्र में घूमने की सूचना मिलते ही तीर्थ पुरोहितों ने पुलिस को अवगत कराया।
गंगा सभा से जुड़े उज्ज्वल पंडित ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आते ही वे मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों युवक वहां से जा चुके थे। इसके बाद उन्होंने हरकी पैड़ी पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम युवकों की तलाश में जुट गई।
उज्ज्वल पंडित ने कहा कि वीडियो और युवकों के बयानों से यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि यह माहौल बिगाड़ने की साजिश हो सकती है। उन्होंने आशंका जताई कि ये युवक इंटरनेट मीडिया इन्फ्लुएंसर भी हो सकते हैं।
- इसी गंभीरता को देखते हुए श्री गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम ने भी इस विषय पर चिंता जताई है।
इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित एक अन्य वीडियो में दोनों युवक स्वयं को दुबई का निवासी बताते हुए घंटाघर और मालवीय द्वीप क्षेत्र में भ्रमण करते और आपत्तिजनक टिप्पणियां करते नजर आ रहे हैं। प्रथमदृष्टया यह प्रतीत होता है कि इनका उद्देश्य शरारतपूर्ण है और धार्मिक माहौल को बिगाड़ना है।
गंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ ने कहा कि श्री गंगा सभा की ओर से इस मामले में पुलिस को शिकायत दी गई है। जिन लोगों की मां गंगा में आस्था नहीं है और जो मां गंगा का आशीर्वाद नहीं लेना चाहते, उनका हरकी पैड़ी जैसे पवित्र स्थल पर भ्रमण कर टिप्पणी करना निश्चित रूप से गलत मंशा को दर्शाता है। ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।







