
यूपीसीएल ने उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित समाधान में ए-प्लस रेटिंग हासिल की है। कंज्यूमर सर्विस रेटिंग ऑफ डिस्कॉम्स की रिपोर्ट में फाल्ट सुधार और शिकायत निवारण में इसे शीर्ष स्थान मिला।
देहरादून। उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) ने बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान में सर्वश्रेष्ठ ए-प्लस रेटिंग प्राप्त की है। यूपीसीएल को यह रेटिंग कंज्यूमर सर्विस रेटिंग आफ डिस्काम्स में दी गई है।
कंज्यूमर सर्विस रेटिंग आफ डिस्काम्स (सीएसआरडी) की ताजा रिपोर्ट में राज्य की एकमात्र बिजली वितरण कंपनी उत्तराखंड पावर कारपोरेशन लिमिटेड ने फाल्ट सुधार और शिकायत निवारण में ए प्लस ग्रेड पाने के साथ ही ओवरआल में ए ग्रेड पाया है।
सूची के अनुसार कंपनी को आपरेशनल विश्वसनीयता में ए, नए कनेक्शन एवं अन्य सेवाओं में बी प्लस, मीटरिंग, बिलिंग एवं कलेक्शन में बी प्लस ग्रेड प्राप्त हुआ है, यानी शिकायतों के समाधान और फाल्ट सुधार में कंपनी शीर्ष स्तर पर है।
वहीं बिलिंग व्यवस्था व कनेक्शन सेवाओं में अभी सुधार की जरूरत है। पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में राज्य की रेटिंग स्थिर है।
देशभर में कुल 66 बिजली वितरण कंपनियों का मूल्यांकन किया गया, जिनमें छह को ए प्लस, 21 को ए, 27 को बी प्लस और शेष निचली श्रेणियों में रहे।
इस दृष्टि से उत्तराखंड उन राज्यों में शामिल है, जहां बिजली सेवाएं संतुलित और अपेक्षाकृत बेहतर मानी गईं। रिपोर्ट के स्पष्ट है कि उत्तराखंड बिजली सेवाओं के क्षेत्र में सही दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मजबूत शिकायत निवारण तंत्र इसकी सबसे बड़ी उपलब्धि है, यदि अन्य क्षेत्रों में सुधार होता है तो राज्य जल्द ही देश के शीर्ष प्रदर्शन करने वाले राज्यों में शामिल हो सकता है।









