
अल्मोड़ा के सोमेश्वर में रनमन के पास कोसी नदी में नहाते समय 20 वर्षीय युवक गोकुल नेगी डूब गया।
अल्मोड़ा। सोमेश्वर रनमन के पास कोसी नदी में नहाने उतरे 20 वर्षीय युवक गहरे पानी में डूब गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने युवक को नदी से बाहर निकाल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भैंसियाछाना ब्लाक के उट्यां गांव निवासी गोकुल नेगी बीएसएनएल में फाइबर लाइन बिछाने का काम करता है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को तीन अन्य बीएसएनएल में काम करने वाले साथियों के साथ रनमन के पास नदी में नहाने उतरा।
बताया जा रहा है कि गोकुल गहरे पानी की ओर चला गया, जबकि अन्य साथी नदी किनारे पर ही नहाने लगे। एकाएक गोकुल गहरे पानी में डूबते चला गया।
घटना की जानकारी साथियों ने ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने युवक को नदी के गहरे पानी से निकाला। निजी वाहन से युवक को लेकर नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल के चिकित्सकों ने गोकुल की मृत्यु होने की पुष्टि कर दी। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचे मामले की जानकारी दी।
साथियों को तैरना आता तो बच सकती थी जान
गोकुल अपने अन्य तीन साथियों के साथ कोसी नदी में नहाने उतरा था। बताया जा रहा है कि अन्य तीन साथियों को तैरना नहीं आता था। जिस कारण वह नदी किनारे ही नहाने लगे थे।
ऐसे में जब गोकुल नदी के गहरे पानी में डूब रहा था, तब अन्य साथियों को तैरना आता तो शायद उसकी जान बच सकती थी। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक काफी देर हो चुकी थी।








