कोटद्वार से पोखड़ा जा रही रोडवेज बस में परिचालक शराब के नशे में बेहोश हो गया, जिससे यात्रियों को दो घंटे इंतजार करना पड़ा।
कोटद्वार। बुधवार सुबह कोटद्वार से पोखड़ा जा रही उत्तराखंड परिवहन निगम की कोटद्वार डिपो की बस में तैनात परिचालक चलती बस में बेहोश हो गया। बताया जा रहा कि अत्यधिक शराब के सेवन से परिचालक बेहोश हुआ।
बुधवार सुबह करीब 5.30 बजे रोडवेज बस नंबर UK 7PA6723 कोटद्वार से सवारी लेकर पोखड़ा के लिए रवाना हुई। गुमखाल से पहले डे नाइट होटल के पास बस में तैनात परिचालक बेहोश हो गया। इस पर सवारियों द्वारा पुलिस को फोन किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि परिचालक अत्यधिक शराब के नशे में था।
गाड़ी से शराब की खाली बोतल भी बरामद हुई। परिचालक द्वारा ऑन ड्यूटी शराब के सेवन पर यात्रियों द्वारा रोडवेज की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह लगाये जा रहे हैं। बाद में कोटद्वार से दूसरी बस को भेज यात्रियों को पोखड़ा के लिए रवाना किया गया। यात्रियों को करीब दो घंटे इंतजार करना पड़ा।