लक्ष्यराय चंदानी की कप्तानी में भारतीय अंडर-19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया को तीसरे वनडे में छह विकेट से हराकर सीरीज 3-0 से जीती।
हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी के होनहार खिलाड़ी लक्ष्यराय चंदानी की कप्तानी में भारतीय अंडर-19 टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आस्ट्रेलिया को तीसरे वनडे मैच में छह विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत वनडे सीरीज 3-0 से जीत गया।
मुकाबले में आस्ट्रेलियाई टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.3 ओवरों में 254 रनों पर सिमट गई। टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान लक्ष्य राय चंदानी और आर्यवीर सहवाग की सलामी जोड़ी ने आक्रामक शुरुआत दिलाई।
तीन छक्कों की मदद से बनाए नाबाद 110 रन
लक्ष्य राय चंदानी ने कप्तानी पारी खेलते हुए 106 गेंदों में नौ चौके और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 110 रन बनाए। उनके अलावा आर्यवीर सहवाग ने 34, कुशाग्र ओझा ने 45 और रजत बघेल ने 44 रनों का अहम योगदान दिया।
भारत ने 41.2 ओवरों में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। लक्ष्य राय चंदानी को ””मैन ऑफ द मैच”” चुना गया। लक्ष्य की शानदार पारी पर कोच अभिषेक कुमार, दिग्विजय कनवाल, पूजा कांडपाल, जिला नैनीताल क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुमित हृदयेश, कोषाध्यक्ष कमल पपनै,आनंद बिष्ट, नरेंद्र अधिकारी, मनोज भट्ट आदि ने बधाई दी।