
युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने पीआरडी स्वयंसेवकों को 365 दिन रोजगार और होमगार्ड के समान मानदेय देने के प्रस्ताव कैबिनेट में लाने के निर्देश दिए हैं। उनके आश्वासन पर पीआरडी कर्मियों ने धरना समाप्त किया।
देहरादून। प्रांतीय रक्षक दल स्वयंसेवकों को वर्ष में 365 दिन का रोजगार और उन्हें होमगार्ड कर्मियों की भांति मानदेय देने की दिशा में युवा कल्याण विभाग सकारात्मक कदम बढ़ा रहा है।
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल मंत्री रेखा आर्या ने पीआरडी स्वयंसेवकों की इन दोनों प्रमुख मांगों पर विभागीय अधिकारियों को विस्तृत प्रस्ताव बनाकर कैबिनेट के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। विभागीय मंत्री के आश्वासन पर पीआरडी कर्मियों ने अपना धरना प्रदर्शन समाप्त करने का निर्णय लिया है।
सचिवालय में सोमवार को विभागीय मंत्री ने पीआरडी स्वयंसेवकों के साथ बैठक की। इस दौरान बताया गया कि पीआरडी स्वयंसेवकों को होमगार्ड कर्मियों की भांति मानदेय देने के संबंध में विस्तृत प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। इस प्रस्ताव का इस समय वित्त विभाग में परीक्षण चल रहा है।
वहीं, पीआरडी कर्मियों को पहले वर्ष में 300 दिन रोजगार देने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। अब नए सिरे से इन्हें 365 दिन रोजगार देने का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। इस पर विभागीय मंत्री ने दोनों प्रस्तावों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए इन्हें कैबिनेट के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल आशीष चौहान, अपर निदेशक अजय अग्रवाल, राजेश ममगाईं सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
आउट आफ टर्न नौकरी देने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में विभागीय मंत्री ने पदक विजेता खिलाडिय़ों को आउट आफ टर्न नौकरी देने के संबंध में विभाग द्वारा उठाए जा रहे कदमों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि हाल ही में कार्मिक विभाग के साथ हुई बैठक के अनुसार इस दिशा में विभागों संग विस्तृत चर्चा की जाए।
खेल विश्वविद्यालय के संबंध में भी ली जानकारी
खेल मंत्री रेखा आर्या ने स्पोट्र्स यूनिवर्सिटी में इस वर्ष कक्षाएं शुरू करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए 142 पदों का सृजन व भूमि स्थानांतरण सहित सभी विषयों पर तेजी से कार्यवाही की जाए।









