
कलियर के रहमतपुर रोड पर खड़े एक 14 टायर ट्रक में शुक्रवार को भीषण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट को आग का प्रारंभिक कारण बताया जा रहा है।
कलियर (रुड़की)। पिरान कलियर क्षेत्र के रहमतपुर रोड स्थित एक प्लॉट में खड़े 14 टायर ट्रक में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई। शुरुआती तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया और दूर तक धुआं व लपटें दिखाई देने लगीं, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने ट्रक से धुआं उठता देख तत्काल ट्रक मालिक को सूचना दी। मौके पर पहुंचे मालिक ने पुलिस को खबर दी, जिसके बाद चेतक कर्मी रविंद्र बालियान और जमशेद अली तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया, हालांकि तब तक ट्रक के सभी 14 टायर जलकर पूरी तरह राख हो चुके थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस हादसे में करीब छह लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। राहत की बात यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद कुछ समय तक क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा।









