
देहरादून में जिला प्रशासन की सख्ती के बावजूद घरों में गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी न करने पर नयागांव पेलियो स्थित हीरा गैस एजेंसी (इंडेन आयल) पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
देहरादून। जिला प्रशासन की सख्ती के बाद भी घरों में गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी न करने पर नयागांव पेलियो स्थिति हीरा गैस एजेंसी (इंडेन आयल) पर मुकदमा दर्ज किया गया।
जिला पूर्ति विभाग की टीम ने एजेंसी के गैस सिलिंडर एवं अन्य संसाधन कब्जे में ले लिए हैं। जिसकी रिपोर्ट प्रशासन एवं आयल कंपनी को भेज दी है।
अब नजदीकी गैस एजेंसी से हीरा गैस एजेंसी से जुड़े उपभोक्ताओं को सप्लाई की जाएगी। इसके अलावा जिले में विभिन्न गैस एजेंसियों के स्टाक चेक किए गए। साथ ही निजी प्रतिष्ठानों को भी चेक किया गया।
उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग के लिए दिक्कतों का सामना न करना पड़े, इसको लेकर आनलाइन एवं आफलाइन व्यवस्था लागू की गई है।
हालांकि अब एजेंसियों के कार्यालय के बाहर भीड़ छंटने लगी है। कुछ दिनों में गैस की किल्लत को लेकर स्थिति सामान्य हो जाएगी। रविवार को जिले में संचालित आइओसी, बीपीसी, एचपीसी की 78 गैस एजेंसियों को जिला प्रशासन के नेतृत्व में नियुक्त किए गए नोडल अधिकारियों ने चेक किया।
77 गैस एजेंसियों से घरों में गैस सिलिंडरों की होम डिलीवरी की जा रही थी। लेकिन नयागांव पेलियो स्थित हीरा गैस एजेंसी की ओर से क्षेत्र में उपभोक्ताओं को लाइन में लगाकर सिलिंडर वितरण कर रहा था। जिला पूर्ति विभाग ने सख्ती दिखाते हुए एजेंसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
एजेंसियों को सख्त निर्देश के साथ ही चस्पा किए नोटिस
गैस एजेंसी संचालक गैस बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को गुमराह न कर सकें, इसको लेकर जिला प्रशासन ने एजेंसियों के बाहर नोटिस चस्पा कर दिए हैं।
गैस बुकिंग एवं जानकारी के लिए नंबर दर्ज किए गए हैं। इसके साथ ही निर्धारित समय पर गैस उपलब्ध न होने पर शिकायती नंबर भी दर्ज किए गए हैं। एजेंसियों को निर्देश का अनुपालन न करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
अमरदीप गैस एजेंसी के बाहर से उपभोक्ताओं का हटाया
जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी में बुकिंग के बाद गैस सिलिंडर लेने पहुंचे उपभोक्ताओं को पुलिस ने हटाया।
इस दौरान उपभोक्ताओं ने नाराजगी जताई। इस दौरान एजेंसी संचालक से उपभोक्ताओं की कहासुनी हुई। लेकिन गोदाम से किसी को सिलिंडर उपलब्ध नहीं कराया गया।
वहीं, गैस एजेंसियों के बुकिंग सर्वर में रविवार को किसी तरह की तकनीकी दिक्कतें नहीं रही। उपभोक्ताओं ने आनलाइन बुकिंग की। जो एजेंसियों के कार्यालय पहुंचे उनकी गैस की बुकिंग की गई।
प्रशासन के सख्ती के बाद भी घरों में गैस सिलिंडर की डिलीवरी न करने पर हीरा गैस एजेंसी पर मुकदमा दर्ज किया गया है। एजेंसी के संसाधनों को कब्जे में लिया गया। जिसकी रिपोर्ट प्रशासन एवं आयल कंपनी को भेज दी है।
अन्य गैस एजेंसियों के बाहर नोटिस चस्पा किए गए हैं। उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है। एजेंसियों के गोदामों में पर्याप्त गैस उपलब्ध है।
केके अग्रवाल, जिला पूर्ति अधिकारी
जिले में 75 हजार सिलिंडरों का बैकलाग
गैस की किल्लत को दूर करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किए गए नोडल अधिकारी ने गैस एजेंसियों का स्टाक चेक किया।
रविवार को एजेंसियों के बंद होने तक जिले में 75 हजार घरेलू सिलिंडर का बैकलाग था। वहीं घरेलू गैस उपभोक्ताओं को 18,120 एवं कामर्शियल उपभोक्ताओं को 21 सिलिंडर वितरित किए गए।
इसके अलावा गैस आपूर्ति में समस्या को लेकर आपदा कंट्रोल रूम के 1077, 0135-2626066, 2726066, वाट्सएप नंबर 7534826066 पर शाम पांच बजे तक 111 शिकायतें दर्ज की गईं।
जिनके समाधान के लिए संबंधित नोडल अधिकारी को भेजा गया। प्रशासन की ओर से नोडल अधिकारियों को विधिवत गैस एजेंसियों के स्टाक चेक करने के सख्त आदेश जारी किए गए हैं।









