
हल्द्वानी के गौलापार स्टेडियम में 3 फरवरी से एपिक विकट्री क्रिकेट लीग शुरू होगी। इसमें पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान और प्रवीण कुमार जैसे दिग्गज खिलाड़ी खेलते दिखेंगे। कुल छह टीमों के बीच 14 डे-नाइट मुकाबले होंगे।
इरफान पठान उत्तराखंड सोल्जर और प्रवीण कुमार दिल्ली नाइट टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। दर्शक 199 रुपये से टिकट खरीदकर इस रोमांचक लीग का आनंद ले सकते हैं।
हल्द्वानी। भारत के प्रमुख तेज मध्यम गति के स्विंग गेंदबाज इरफान पठान व प्रवीण कुमार की गेंदबाजी का जलवा हल्द्वानी के क्रिकेट स्टेडियम में देखने को मिलेगा।
खास यह कि पूर्व भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी इरफान पठान उत्तराखंड सोल्जर जबकि प्रवीण कुमार दिल्ली नाइट की टीम से खेलते नजर आएंगे। दर्शकों को इस रोमांचक क्रिकेट लीग में भारत समेत विदेश के क्रिकेट सितारे अपनी गेंदबाजी व बल्लेबाजी का जलवा दिखाएंगे।
गौलापार के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर के क्रिकेट मैदान में एक फरवरी से होने वाले एपिक विकट्री क्रिकेट लीग अब तीन फरवरी से शुरू होगी। क्रिकेट लीग में छह टीमों के बीच 14 मैच खेले जाएंगे।
तीन फरवरी को फ्लड लाइट (दूधिया रोशनी) में पहला मुकाबला ही उत्तराखंड सोल्जर व दिल्ली नाइट टीम के बीच खेला जाएगा। शनिवार को क्रिकेट स्टेडियम में उत्तराखंड सोल्जर व दिल्ली नाइट टीम के खिलाड़ी टर्फ विकेट (पिच) का जायजा लेने पहुंचे।
साथ ही उन्होंने कुछ देर के लिए एक दूसरे से ट्रायल मैच भी खेला। हालांकि कुछ खिलाड़ियों ने पिच के गलत दिशा में बनने पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट खेलते हुए सीधे सूरज की रोशनी सामने से चेहरे पर लगेगी।
इधर, स्टेडियम के बाहर बने टिकट काउंटर से आफलाइन मोड पर पांच लोगों ने क्रिकेट मैच देखने के लिए टिकट खरीदा है। जबकि आयोजकों का कहना है कि आनलाइन मोड से काफी टिकट बिक चुके हैं। दर्शक दीर्घा के टिकट 199 से 1499 रुपये के हैं।
छह टीमों में यह पूर्व क्रिकेटर भी रहेंगे शामिल
पूर्व क्रिकेटर सौरभ तिवारी, प्रवींद्र अवाना, राहुल यादव, पवन सुयाल, जेसी राइडर, अमितोज सिंह, क्रिस्टोफर मोफु, मार्कंडे चौरसिया, शदाब जकाती, अंकित राजपुर, असाद पठान, ईश्वर पांडेय, अभिषेक साकुजा, फैज फाजल, अनुरीत सिंह, जैसल केरिया, अक्षय वाकड़े, सारुल कंवार, जयकिशन कोलसावाला रहेंगे।
क्रिकेट खिलाड़ियों का यह कहना
टीवी में देखकर मुझे क्रिकेट खेलने का जुनून चढ़ा। गली क्रिकेट खेलते-खेलते मैं लीग मुकाबले खेलने लगा। जिन क्रिकेटर्स को हम अपना आदर्श मानते थे, अब उन्हीं के साथ हम मैच खेलेंगे। बड़ी उत्सुकता है। मुझे 20 हजार रुपये में खरीदा गया है।
– सचिन यादव, उत्तराखंड सोल्जर
मेरे पिता राजू यादव भी तेज गेंदबाज रहे हैं, मैं भी तेज गेंदबाजी करता हूं। मैंने अंडर-23 का कैंप भी किया है। मुझे 45 हजार रुपये में खरीदा गया है। बीते वर्ष मैंने कानपुर प्रीमियर लीग में भी खेला था।
– यश यादव, दिल्ली नाइट
जिन खिलाड़ियों को मैं टीवी पर देखकर प्रेरणा लेता था, वे ही हमारी टीम में खेल रहे हैं। पूर्व क्रिकेटर प्रवीण कुमार हमारी टीम से खेलेंगे। मैंने भारत की तरफ से विजी ट्राफी खेली है। मुझे 30 हजार रुपये में खरीदा गया है। पूर्व क्रिकेटर्स के साथ खेलने की काफी उत्सुकता है।
– अमन यादव, दिल्ला नाइट
इस दिन ये मुकाबले
- दिन – मुकाबले
- 03 फरवरी – उत्तराखंड सोल्जर वर्सेज दिल्ली नाइट (शाम को)
- 04 फरवरी – वारणसी वाइपर्स वर्सेज दिल्ली नाइट (दिन में)
- 04 फरवरी – हल्द्वानी टाइगर्स वर्सेज मसूरी किंग्स (शाम को)
- 05 फरवरी – वाराणसी वाइपर्स वर्सेज दिल्ली नाइट (दिन में)
- 05 फरवरी – हल्द्वानी टाइगर्स वर्सेज उत्तराखंड सोल्जर (शाम को)
- 06 फरवरी – मसूरी किंग्स वर्सेज दिल्ली नाइट (दिन में)
- 06 फरवरी – यूपी वारियर्स वर्सेज हल्द्वानी टाइगर्स (शाम को)
- 07 फरवरी – मसूरी किंग्स वर्सेज उत्तराखंड सोल्जर (दिन में)
- 07 फरवरी – यूपी वारियर्स वर्सेज हल्द्वानी टाइगर्स (शाम को)
- 08 फरवरी – दिल्ली नाइट वर्सेज हल्द्वानी टाइगर्स (दिन में)
- 08 फरवरी – उत्तराखंड सोल्जर वर्सेज वारणसी वाइपर्स (शाम को)
- 09 फरवरी – यूपी वारियर्स वर्सेज दिल्ली नाइट (दिन में)
- 09 फरवरी – मसूरी किंग्स वर्सेज वारणसी वाइपर्स (शाम को)
- 10 फरवरी – यूपी वारियर्स वर्सेज उत्तराखंड सोल्जर (दिन में)
- 10 फरवरी – वारणसी वाइपर्स वर्सेज मसूरी किंग्स (शाम को)









