
चकराता के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के बाद मौसम साफ होने से पर्यटकों की भीड़ उमड़ पड़ी। देववन, खडंबा और लोखंडी जैसे क्षेत्रों में बर्फ से ढकी पहाड़ियों का नजारा देखने लायक था।
चकराता (देहरादून)। शुक्रवार को चकराता के ऊंचाई वाले इलाकों देववन, खडंबा और लोखंडी आदि क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के बाद शनिवार को सुबह से ही मौसम साफ रहा। इस बीच चटख धूप खिली। इससे मौसम सुहावना रहा।

धूप के कारण लोगों को कुछ हद तक ठंड से राहत मिली। वहीं बर्फ से ढकी पहाड़ियों की सुंदरता और निखर उठी।
बर्फबारी के बाद यहां के मौसम का लुत्फ उठाने बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे। इस कारण लंबे समय बाद चकराता बाजार में रौनक नजर आई।
हल्की बर्फबारी के कारण ऊंचाई वाले क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर में लिपटे नजर आए। बर्फ से ढके देवदार के पेड़ और पहाड़ों के नजारे पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं। पर्यटकों ने इस मनमोहक दृश्य का आनंद लिया।
खास तौर पर लोखंडी क्षेत्र में पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ रही। पर्यटकों ने प्राकृतिक सौंदर्य का भरपूर आनंद लिया। कई लोग बर्फ में खेलते नजर आए, तो कुछ ने इन खूबसूरत पलों को अपने कैमरों में कैद किया।
पर्यटकों ने चकराता बाजार में आकर खरीदारी की। इससे व्यापारियों के चेहरे खिल उठे। हालांकि सुबह से धूप निकलने के बावजूद ठंड का असर पूरी तरह कम नहीं हुआ। तापमान कम होने के कारण लोगों को दिन में भी सर्दी का अहसास हुआ।
ऐसे में लोग जगह-जगह धूप सेकते नजर आए। ठंडी हवा ने ठिठुरन बढ़ा दी है। इससे जनजीवन प्रभावित है। इस बीच शाम ढलते ही ठंड के चलते पर्यटक होटलों की ओर लौट गए।









