
शिक्षा निदेशालय में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद से शिक्षकों, कर्मचारियों में आक्रोश है। प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने बोर्ड परीक्षा में छात्रों के भविष्य को देखते शिक्षक समुदाय से की संयम की अपील की है।
भाजपा ने शिक्षा निदेशक के साथ हुए मारपीट के घटनाक्रम को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए निंदा की है। संगठन घटना में आरोपी विधायक उमेश शर्मा काऊ से मामले में जवाब तलब करेगी। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने स्पष्ट किया कि पार्टी किसी भी तरह की अराजकता और हिंसा के पूर्णतया खिलाफ है।
जनसमस्या उठाना एक पहलू हो सकता है, लेकिन उसके लिए किसी को भी कानून के उल्लंघन की इजाजत नहीं दी जा सकती। इस घटना को पार्टी ने गंभीरता से लिया है।
शीघ्र पार्टी अपने रायपुर विधायक उमेश काऊ से प्रकरण को लेकर जवाब तलब करेगी। जिसमें उन तमाम परिस्थितियों को लेकर भी विस्तार से जानकारी ली जाएगी, जिसके चलते यह सब घटित हुआ। कहा कि कानून अपना कार्य करेगा। जो भी दोषी पाए जाएंगे, पार्टी उन पर सख्त कार्रवाई के पक्ष में है।
प्रदेश अध्यक्ष ने शिक्षाकर्मियों से भी संयम बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं पर घटना का कोई असर न पड़े। इसके लिए शिक्षकों को संयम दिखाना होगा, क्योंकि यह छात्रों के भविष्य से जुड़ा विषय है।
अधिकारी से मारपीट पर चौतरफा आक्रोश
राजधानी दून में शिक्षा निदेशालय में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद से शिक्षकों, कर्मचारियों समेत आम लोगों में आक्रोश है। चौतरफा आक्रोश के बीच शिक्षकों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने घटना की कड़ी निंदा की। राजकीय शिक्षक संघ के रायपुर ब्लॉक के अध्यक्ष रामेंद्र राणा ने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय नौडयाल और कार्यालय में कार्यरत मिनिस्ट्रीयल कर्मियों के साथ हुई इस निंदनीय व अपराधिक कृत्य की संघ घोर भर्त्सना और निंदा करता है। दोषियों के खिलाफ शीघ्र कठोर से कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
विधायक का पुतला जलाकर किया विरोध
घटना के विरोध में कालीमंदिर में स्थानीय लोगों ने विधायक का पुतला जलाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियाें ने कहा कि विधायक की मौजूदगी में उनके समर्थकों ने अधिकारी व कर्मचारियों के साथ मारपीट की। इसके लिए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वह उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
रायपुर विधायक ने कहा-जाने अनजाने में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना
रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने शिक्षा निदेशालय में हुई घटना पर खेद व्यक्त करते हुए कहा है कि, ये घटना जाने अनजाने में हुई है। वो घटना से संबंधित सभी पक्षों से माफी मांगते हैं। रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने बयान जारी करते हुए कहा कि वो अपने क्षेत्र में एक विद्यालय के लिए डेढ़ बीघा जमीन दान देने वाले परिवार के साथ, विद्यालय का नामकरण संबंधित दानदाता पदम् सिंह रावत के नाम पर करने की मांग को लेकर शिक्षा निदेशालय गए थे।
इस दौरान उनके साथ संबंधित परिवार के लोग भी थे, चूंकि यह प्रकरण काफी समय से लंबित था, तो बातचीत के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। उन्होंने कहा कि वो जनप्रतिनिधि होने के नाते, विवाद शांत कराने का भरसक प्रयास करते रहे, इस बीच जाने अनजाने में यह घटना हो गई, जिस पर वो खेद व्यक्त करते हैं। कहा कि उन्हें जनहित के कार्यों में हमेशा अधिकारी, कर्मचारियों का सहयोग मिला है,
उन्होने भी हमेशा अधिकारी कर्मचारियों को उचित सम्मान दिया है। इसलिए घटना पर उन्हें बेहद अफसोस है, जिसके लिए वो संबंधित पक्षों से माफी मांगते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार, अधिकारी- कर्मचारियों के हितों में कार्य कर रहे हैं, साथ ही सरकार कानून व्यवस्था को लेकर भी हमेशा गंभीर रही है। इसलिए इस प्रकरण में वो सभी पक्षों से संयम की अपील करते हैं।









