कांग्रेस 22 अक्टूबर से अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने, भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ शुरू कर रही है।
देहरादून। अंकिता भंडारी को न्याय, भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था समेत तमाम मुद्दों को लेकर 22 अक्टूबर से प्रारंभ होने वाली ”उत्तराखंड न्याय यात्रा’ के लिए प्रदेश कांग्रेस ने कमर कस ली है।
यात्रा की शुरुआत चार दलों में अलग-अलग क्षेत्रों से होगी। पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व मुख्यमंत्री, प्रदेश पदाधिकारी और विधायक इन दलों का नेतृत्व करते हुए विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जनसंपर्क करेंगे। अन्य विधानसभा क्षेत्रों में गैरसैंण में विधानसभा सत्र के घेराव के बाद यात्रा का क्रम जारी रखा जाएगा।
कुमाऊं में गोलज्यू मंदिर से होगी शुरुआत
न्याय यात्रा का पहला दल नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस के पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, सीडब्लूसी सदस्य करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी व विधायक तिलकराज बेहड़ के नेतृत्व में 22 अक्टूबर को अल्मोड़ा के गोलज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद रवाना होगा।
दल रानीखेत, खैरना, भवाली और भीमताल होते हुए हल्द्वानी पहुंचेगा। 23 अक्टूबर को लालकुआं, किच्छा, सितारगंज, नानकमत्ता और खटीमा होते हुए रुद्रपुर, 24 अक्टूबर को गदरपुर, बाजपुर और काशीपुर होते हुए जसपुर पहुंचेगा। 25 अक्टूबर को हल्द्वानी में पत्रकार वार्ता के साथ इस दल की यात्रा का समापन होगा।
गढ़वाल में बदरीनाथ से निकलेगी यात्रा
दूसरे दल का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक विक्रम सिंह नेगी और लखपत सिंह बुटोला करेंगे। 22 अक्टूबर को बदरीनाथ धाम में पूजा के बाद यात्रा जोशीमठ, पीपलकोटी, चमोली पहुंचेगी।
अगले दिन नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग और गौचर होते हुए रुद्रप्रयाग में जनसंपर्क होगा। 24 अक्टूबर को सतपुली, दुगड्डा व कोटद्वार और 25 अक्टूबर को लैंसडौन व बीरोंखाल में कार्यक्रम होंगे। 26 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव की तैयारी बैठक होगी।
देहरादून और हरिद्वार में भी कार्यक्रम
तीसरे दल की कमान चुनाव प्रचार अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला संभालेंगे। 22 अक्टूबर को देहरादून में टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा के बाद राजपुर और मसूरी में यात्रा होगी।
23 अक्टूबर को सहसपुर और विकासनगर, 24 अक्टूबर को त्यूनी, 25 अक्टूबर को देहरादून कैंट व धर्मपुर तथा 26 अक्टूबर को ऋषिकेश में कार्यक्रम होंगे। विधायक प्रीतम सिंह 27-28 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा सत्र में शामिल होंगे।
चौथे दल का नेतृत्व चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डा. हरक सिंह रावत, विधायक काजी निजामुद्दीन, ममता राकेश, फुरकान अहमद, रवि बहादुर, अनुपमा रावत व विरेंद्र कुमार जाति करेंगे। 23 अक्टूबर को हरिद्वार शहर से शुरुआत के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में यात्रा निकलेगी।
24 अक्टूबर को खानपुर, मंगलौर व झबरेड़ा, 25 अक्टूबर को भगवानपुर, रुड़की व मंगलौर और 30 अक्टूबर को लक्सर व ज्वालापुर में यात्रा संपन्न होगी। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने बताया कि न्याय यात्रा में पार्टी के सभी विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, प्रदेश पदाधिकारी और विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता शामिल होंगे।



