
आशारोड़ी में एक बार फिर भीषण दुर्घटना हो गई। नोएडा से दून आ रही कार ट्रक से टकरा गई। हादसे में युवक की जान चली गई।
आशारोड़ी में दुर्घटनाओं को सिलसिला थम नहीं रहा है। बृहस्पतिवार को नोएडा से दून आ रही कार आशारोड़ी चौकी के पास एक ट्रक से टकरा गई। इसके बाद पीछे से आ रही एक एसयूवी कार ने भी दुर्घटनाग्रस्त कार को टक्कर मार दी।
इस भीषण हादसे में ग्रेटर नोएडा के रहने वाले युवक रविंद्र कुमार की मौत हो गई। पत्नी की तहरीर पर क्लेमेंटटाउन थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक की पत्नी अंजली कश्यप ने बताया कि उनके पति रविंद्र कुमार 30 अप्रैल 2026 को अपने तीन साथियों मनोज पाठक, दिनेश और राघव सभी निवासी गौतम बुद्ध नगर के साथ फैक्ट्री से शाम करीब 5:30 बजे देहरादून के लिए निकले थे। वे जिस कार में सवार थे, वह दिनेश के नाम पर पंजीकृत बताई गई है। रात लगभग 10 बजे उन्हें सूचना मिली कि कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है और उनके पति की हालत गंभीर है।
सुबह देहरादून पहुंचने पर उन्हें पता चला कि रविंद्र कुमार का शव जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखा हुआ है। तहरीर के अनुसार, हादसा आशारोड़ी पुलिस चौकी से पहले हुआ, जहां कार एक ट्रक से टकरा गई। इस टक्कर में रविंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
एक्सयूवी ने भी दुर्घटनाग्रस्त वाहन को टक्कर मार दी
आरोप है कि पुलिस मौके पर पहुंचने के बाद एंबुलेंस और क्रेन का इंतजार कर रही थी, तभी पीछे से आ रही एक एक्सयूवी ने भी दुर्घटनाग्रस्त वाहन को टक्कर मार दी, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। गंभीर रूप से घायल रविंद्र कुमार को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक मई को जिला अस्पताल में उनका पोस्टमार्टम कराया गया।
अंजली कश्यप फिलहाल सुतयाना क्षेत्र में रहती हैं और मूल रूप से शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं। क्लेमेंटटाउन थाना प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस संबंधित वाहन चालकों की तलाश कर रही है।
तेज रफ्तार कार ने तीन वाहनों को मारी टक्कर
आशारोड़ी बैरियर के पास एक और गंभीर सड़क हादसा हुआ है। नशे में धुत युवकों की लापरवाही से कई लोगों की जान खतरे में पड़ गई। तेज रफ्तार कार ने तीन वाहनों को टक्कर मार दी। मनीष हुड्डा की शिकायत पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
शिकायतकर्ता के अनुसार एक मई को दोपहर करीब 3:30 बजे वह अपनी कार से दिल्ली से देहरादून की ओर जा रहे थे। कार में उनके साथ तीन महिलाएं और एक बच्चा सवार था। आशारोड़ी बैरियर पर पुलिस बैरिकेडिंग के कारण उन्होंने अपनी गाड़ी धीमी कर दी थी, तभी पीछे से आ रही एक मारुति सियाज ने तेज रफ्तार और लापरवाही से उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी।
तहरीर के मुताबिक, सियाज कार में सवार तीन युवक मनवेंद्र सिंह (चालक), रुपेश सिंह और डोनाल्ड सिंह नशे में थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी कार आगे खड़ी एक अन्य वाहन से जा टकराई, जिससे तीनों गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद आरोपी युवक आक्रामक हो गए और गाड़ी से शराब की बोतलें बाहर फेंकते हुए महिलाओं को धमकाने और अभद्रता करने लगे। मौके पर मौजूद लोगों और पीड़ितों ने किसी तरह पास की पुलिस चौकी पहुंचकर मदद ली।
क्लेमेंटटाउन थाना प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चेकपोस्ट में हुआ टेस्ट नशे में मिले युवक
शिकायतकर्ता मनीष हुड्डा ने तहरीर में बताया कि आशारोड़ी चेकपोस्ट पर किए गए ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट में चालक सहित दो युवकों के अत्यधिक नशे में होने की पुष्टि हुई, जिसमें चालक की रीडिंग 186 पाई गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह केवल लापरवाही नहीं, बल्कि गंभीर रूप से जानलेवा कृत्य है।
मनीष हुड्डा ने पुलिस से चालक का मेडिकल परीक्षण कराने, आरोपियों की गिरफ्तारी, वाहन जब्त करने तथा सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्य सुरक्षित रखने की मांग की है। पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।









