Big Breaking:-अंग्रेज सिंह कौन है ? मैं ही हूं बोलते ही… टिहरी में अज्ञात हमलावरों ने दोनों हाथ गंवा चुके युवक को पीटा

अंग्रेज सिंह बिष्ट, जिनके दोनों हाथ पहले ही काटे जा चुके थे, ने नई टिहरी जिला अस्पताल के सामान्य वार्ड में दो अज्ञात युवकों द्वारा मारपीट का आरोप लगाया है।

नई टिहरी। विकासखंड भिलंगना के पट्टी बासर की ग्राम पंचायत लसियाल गांव में बीते 19 दिसंबर को अपने ही परिवार के सदस्यों की क्रूरता का शिकार हुए अंग्रेज सिंह बिष्ट ने दो अज्ञात युवकों पर मारपीट के आरोप लगाए हैं।

उसका कहना है कि बीते शनिवार की शाम को दो अज्ञात युवकों ने जिला चिकित्सालय परिसर के सामान्य वार्ड में उसके साथ मारपीट की है।

बता दें कि विकासखंड भिलंगना के पट्टी बासर में ग्राम पंचायत लसियाल गांव निवासी 25 वर्षीय अंग्रेज सिंह बिष्ट के उसके भाई और भाभी ने पारिवारिक विवाद के चलते दोनों हाथ काट दिए थे।

इसके बाद से अंग्रेज सिंह जिला अस्पताल बौराड़ी नई टिहरी में भर्ती है और आरोपित भाई पूरब सिंह और भाभी अंजली बिष्ट वर्तमान में जिला कारावास नई टिहरी में सजा काट रहे हैं।

पीड़ित अंग्रेज सिंह बिष्ट ने आरोप लगाया कि बीते शनिवार शाम करीब चार बजे दो अज्ञात युवक बेधड़क होकर अस्पताल के सामान्य वार्ड में पहुंचे। जहां वह अपने बेड पर लेटा हुआ था।

युवकों ने आते ही पूछा कि अंग्रेज सिंह कौन है, जिस पर अंग्रेज ने कहा कि वह ही अंग्रेज है। इसके बाद उक्त दोनों युवकों ने अंग्रेज सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी।

अंग्रेज सिंह के साथ तैनात सुरक्षाकर्मी कांस्टेबल विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि दो अज्ञात युवकों ने वार्ड के कक्ष में पहुंचते ही अंग्रेज सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी।

इस दौरान उन्होंने दोनों युवकों से अंग्रेज सिंह को बचाने का पूरा प्रयास किया। इसके बाद युवक मौके से फरार हो गए।

सुरक्षाकर्मी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि उन्होंने अंग्रेज सिंह के साथ मारपीट के संबंध में कोतवाली नई टिहरी में सूचना दर्ज कराई है।

वहीं, अंग्रेज सिंह प्रशासन की नाक के नीचे मारपीट की घटना से बहुत आहत हैं और उसने इस संबंध में प्रशासन से न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

उधर, जिला पंचायत सदस्य बासर धनपाल सिंह बिष्ट और एसआरटी परिसर के पूर्व छात्रसंघ कोषाध्यक्ष रविराज ने भी इस मामले की गहन जांच कर आरोपियों को खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जिससे अंग्रेज सिंह बिष्ट को न्याय मिल सके।

अंग्रेज सिंह बिष्ट के साथ जिला अस्पताल के सामान्य वार्ड में मारपीट की घटना का मामला संज्ञान में है। अंग्रेज सिंह को समाज कल्याण विभाग के माध्यम से देहरादून की संस्था में शिफ्ट किया जाना है। मारपीट की घटना को लेकर अस्पताल प्रशासन से बातचीत कर जांच की जा रही है। जल्द ही इस संबंध में कार्रवाई की जाएगी।


डा. श्याम विजय, मुख्य चिकित्साधिकारी टिहरी।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें