रिश्वतखोर अधिकारी को विजिलेंस टीम ने दबोचा!!
उत्तराखंड: सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर 10 हजार की रिश्वत, सहायक कृषि अधिकारी गिरफ्तार
हरिद्वार। कृषि यंत्र खरीद पर मिलने वाली सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगना सहायक कृषि अधिकारी को महंगा पड़ गया। शिकायत के आधार पर सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अधिकारी को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
मामला विकासखंड खानपुर का है। आरोप है कि शिकायतकर्ता के भाई ने कृषि यंत्र खरीद के लिए सब्सिडी का आवेदन किया था। इसकी फाइल आगे बढ़ाने के बदले हरिओम यादव, पुत्र स्व. लाल सिंह, निवासी प्रतापनगर, नजीबाबाद रोड, कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल और वर्तमान में सहायक कृषि अधिकारी, विकासखंड खानपुर, ने 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
रिश्वत मांगे जाने की शिकायत मिलने पर सतर्कता अधिष्ठान ने मामले का सत्यापन किया और इसके बाद ट्रैप की योजना बनाई। मंगलवार, 18 अगस्त 2026 को टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सहायक कृषि अधिकारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद सतर्कता टीम ने आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई से सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।