
उत्तराखंड के कई नेताओं को ऊंचे पद और टिकट का लालच देकर मोटी रकम ठगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला नेता भावना पांडे ने इसकी शिकायत भी की है।
उत्तराखंड के बड़े नेताओं को झांसे में लेने के सनसनीखेज मामले की तह तक जाने के लिए अमर उजाला ने एक से दूसरी कड़ी को जोड़ने की कोशिश की। भावना पांडे से हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि ठग ने उन्हें विश्वास दिलाने के लिए गणेश गोदियाल, हरीश रावत, हरक सिंह रावत और यशपाल आर्य की आवाज सुनाई।
इनसे बातचीत सुनकर उन्हें लगा कि ये सब बड़े नेता हैं इसलिए ये कनिष्क की आवाज पहचानते होंगे और उन्हें यकीन हो गया कि सामने फोन कॉल्स पर मौजूद व्यक्ति राहुल गांधी का निजी सचिव कनिष्क ही है। इसीलिए उसके झांसे में आकर 25 लाख रुपये दे दिए। भावना पांडे ने बताया कि पहली बार उन्हें 12 अप्रैल को फोन आया।
ठग ने राहुल गांधी का निजी सचिव कनिष्क के रूप में परिचय देते हुए बताया कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सीटों पर सर्वे के लिए कांग्रेस की टीम दून आ रही है। इसमें करीब 12 विधायक हैं। इन्हें होटल में रुकवाने का इंतजाम करना है। इस पर भावना ने खर्च की रकम करीब 30 लाख रुपये बताई। इस पर ठग ने पहले ये पैसे किसी को दिल्ली भेजकर मंगवाने के लिए कहा।
इसके बाद बातचीत आगे बढ़ी और प्रदेश कांग्रेस के बड़े नेताओं हरीश रावत, गणेश गोदियाल, हरक और यशपाल की आवाज भावना को सुनवाई। ये बातें सुनाकर उसने भावना को भरोसे में ले लिया और खर्च की रकम की व्यवस्था करने के लिए कहा।
इस पर भावना ने नकद 25 लाख रुपये की व्यवस्था कर ली। इसके बाद आरोपी ने किसी अजय नाम के व्यक्ति को विधायक का पीए बताकर पैसे लेने के लिए भेजा। उसके हाथ से भावना ने रकम दे दी।
रकम देने के कुछ दिन बाद तक आरोपी से बातचीत होती रही फिर कुछ दिन बाद संपर्क टूटने पर ठगी का अहसास हुआ। भावना ने बताया कि ठग ने सोनिया आनंद को भी झांसे में लेकर मोटी रकम की मांग की थी। वह लगातार सोनिया के संपर्क में था और दोनों की लंबी बातचीत होती रही है। भावना से भी ठग ने कई बड़े-बड़े दावे किए। भावना ने बताया कि ठग से उनकी गणेश गोदियाल को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने और प्रीतम या यशपाल को अध्यक्ष बनाने की बात हुई थी।
गणेश गोदियाल का पांच करोड़ देने का संदेश भेजा
भावना पांडे ने बताया कि ठग ने उन्हें एक कथित संदेश का स्क्रीनशॉट भी भेजा जिसमें गणेश गोदियाल की ओर से लिखा हुआ था कि भावना पांडे को कांग्रेस में मत लाना। उसे महिला कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष मत बनाना। मैं पांच करोड़ रुपये दूंगा। हालांकि इस संदेश की सत्यता की पुष्टि किसी भी स्तर से नहीं हुई।
भावना का नहीं, राजपुर-रायपुर में सक्रिय नेताओं के दिए नंबर : गोगी
भावना पांडे ने कहा कि उनका नंबर ठग ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष जसविंदर गोगी से हासिल किया है। इस संबंध में जसविंदर गोगी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उनके पास करीब एक महीने पहले खुद को कनिष्क बताने वाले किसी व्यक्ति का फोन आया। इस फोन कॉल में उसने शहर की कुछ विधानसभा सीटों में टिकट के लिए सर्वे करने की बात कही थी।
इस दौरान उसने अच्छा काम कर रहे कुछ लोगों के नाम और नंबर मांगे थे। इस पर उन्होंने राजपुर और रायपुर जैसे क्षेत्रों में सक्रिय रूप से काम कर रहे दो-तीन नेताओं के नाम और नंबर दिए थे। भावना पांडे का नंबर देने से इन्कार करते हुए गोगी ने कहा कि उनके पास भावना का नंबर ही नहीं है। ऐसे में किसी को देने का सवाल ही नहीं उठता।









