Big Breaking:-देहरादून में गैस सिलिंडर आपूर्ति पर बड़ी खबर: बैकलाग न होने पर 24 घंटे में डिलीवरी, OTP अनिवार्य

जिला पूर्ति विभाग ने देहरादून में गैस सिलिंडर आपूर्ति पर उपभोक्ताओं की दुविधा दूर की है। विभाग के अनुसार, बैकलाग न होने पर 24 घंटे में सिलिंडर मिलेगा, जबकि दूसरे सिलिंडर की बुकिंग 25 दिन बाद होगी।

देहरादून। घरेलू गैस की आपूर्ति को लेकर उपभोक्ताओं में बनी दुविधा के बीच जिला पूर्ति विभाग ने स्थिति स्पष्ट कर दी है।

विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। गैस एजेंसियों में बैकलाग न होने पर बुकिंग के 24 घंटे के भीतर सिलिंडर की होम डिलीवरी की जाएगी।

जिला पूर्ति विभाग के अनुसार, यदि उपभोक्ता दूसरे सिलिंडर की बुकिंग करते हैं, तो उन्हें पहली गैस की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही दूसरा सिलिंडर मिलेगा।

इस संबंध में गैस एजेंसी संचालकों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि वे उपभोक्ताओं को बुकिंग और डिलीवरी की सही जानकारी दें। उपभोक्ताओं को गुमराह करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

दरअसल, पिछले कुछ दिनों से गैस बुकिंग के 25 दिन के नियम को लेकर उपभोक्ताओं में भ्रम की स्थिति बनी हुई थी।

पूर्ति विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यदि एजेंसी में सिलिंडर उपलब्ध हैं, तो पहली बुकिंग पर गैस तुरंत उपलब्ध कराई जाएगी।

वहीं, दूसरे सिलिंडर की बुकिंग का समय पहली डिलीवरी की तिथि से जोड़ा जाएगा। गैस की आपूर्ति हरिद्वार के अलावा अन्य डिपो से भी की जा रही है।

सोमवार को गाजियाबाद के लोनी डिपो से भी गैस से भरे वाहन देहरादून पहुंचे, जिसके बाद कई क्षेत्रों में सिलिंडरों की डिलीवरी की गई।

अचानक बढ़ी बुकिंग से सर्वर पर पड़ा दबाव

गैस की आपूर्ति कम होने की खबर के बाद अचानक बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने सिलिंडर बुक कराने शुरू कर दिए, जिससे बुकिंग सर्वर पर दबाव बढ़ गया।

सामान्य दिनों में जिले में रोजाना करीब 10 से 15 हजार सिलिंडर की बुकिंग होती है, लेकिन हाल के दिनों में एक ही दिन में एक लाख से अधिक बुकिंग दर्ज की गईं।

सोमवार शाम तक जिले की गैस एजेंसियों में करीब 80 हजार सिलिंडर का बैकलाग था, जबकि लगभग 15 हजार सिलिंडरों की डिलीवरी कर दी गई थी।

कालाबाजारी पर प्रशासन की सख्ती

घरेलू गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन की कार्रवाई भी जारी है। पूर्ति विभाग की टीम ने होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में छापेमारी कर पांच घरेलू सिलिंडर जब्त किए हैं।

इन सिलिंडरों की आपूर्ति किस एजेंसी से हुई, इसकी जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बिना ओटीपी नहीं मिलेगी गैस

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब ओटीपी के बिना गैस सिलिंडर की डिलीवरी नहीं की जाएगी। एजेंसी संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि उपभोक्ता के मोबाइल पर आए ओटीपी के सत्यापन के बाद ही सिलिंडर दिया जाए।

कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन की टीम ग्राहक बनकर भी एजेंसियों की जांच कर रही है।

जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। एजेंसियों में बैकलाग न होने पर 24 घंटे के भीतर गैस उपलब्ध कराई जाएगी। बिना ओटीपी के गैस देने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें