
गदरपुर के ग्राम बकैनिया में पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में रविवार रात खूनी संघर्ष हो गया। झगड़े के दौरान नाबालिग ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायर कर दिया जिसमें एक बुजुर्ग की मौत हो गई और उनका बेटा घायल हो गया।
गदरपुर के ग्राम बकैनिया में पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद रविवार रात खूनी संघर्ष में बदल गया। मामूली कहासुनी के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए और मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष से नाबालिग भतीजे ने ताऊ पर गोली चला दी।
घायल बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया जबकि उनका बेटा शिव शंकर सिंह उर्फ बिट्टू भी घायल हुआ है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया।
ग्राम बकैनिया निवासी सर्वेश्वर सिंह (60) और उनके भाई सर्वजीत सिंह के बीच करीब एक एकड़ और एक कनाल जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। रविवार रात करीब 8:30 बजे सर्वेश्वर सिंह के पुत्र शिव शंकर सिंह बिट्टू और सर्वजीत सिंह के बीच कहासुनी हो गई। शोर-शराबा सुनकर सर्वेश्वर सिंह भी बाहर आ गए जिसके बाद दोनों पक्षों में नोकझोंक बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गई।
देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और गुत्थमगुत्था हो गए। इसी दौरान सर्वजीत सिंह के नाबालिग बेटे ने घर के अंदर से रिवॉल्वर लाकर फायर झोंक दिया। गोली लगने से सर्वेश्वर सिंह और उनके बेटे शिव शंकर सिंह बिट्टू गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन आननफानन सर्वेश्वर सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गदरपुर ले गए जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक व सकैनिया चौकी प्रभारी विजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी स्वप्न किशोर सिंह और सीओ विभव सैनी भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
सोमवार को एसएसपी अजय गणपति ने भी गांव पहुंचकर मृतक की पत्नी उर्मिला देवी, पुत्र शिव शंकर सिंह उर्फ बिट्टू, बेटी नेहा और बेटे अनिकेत सिंह से जानकारी हासिल की। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
एसएसपी ने नाबालिग की ओर से लाइसेंसी रिवॉल्वर चलाने के मामले में भी नियमानुसार कार्रवाई करने की बात कही। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। इधर पोस्टमार्टम के बाद सोमवार शाम को सर्वेश्वर सिंह का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। सुरक्षा की दृष्टि से सकैनिया पुलिस चौकी से दो सिपाहियों को तैनात किया गया है।









