
ब्लूमिंग बड्स स्कूल, गढ़ीकैंट देहरादून को हाईस्कूल की मान्यता, आदेश हुआ जारी, विद्यालय प्रबंधन ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का जताया आभार
देहरादून, 21 अप्रैल। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के प्रयासों से ब्लूमिंग बड्स स्कूल, गढ़ीकैंट देहरादून को हाईस्कूल की मान्यता प्राप्त हो गई है। इस संबंध में शासन द्वारा आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। विद्यालय प्रबंधन ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के प्रयासों के लिए आभार भी व्यक्त किया है।
गौरतलब है कि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने पूर्व में एक कार्यक्रम के दौरान विद्यालय को हाईस्कूल स्तर तक मान्यता दिलाने का आश्वासन दिया था। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप अब यह विद्यालय, जो पहले कक्षा 8 तक ही सीमित था, हाईस्कूल स्तर तक उन्नत हो गया है।
इस उपलब्धि पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विद्यालय प्रबंधन को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर सुधार और विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।
इस मान्यता से क्षेत्र के विद्यार्थियों को अब उच्च शिक्षा के लिए अन्यत्र जाने की आवश्यकता नहीं होगी और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।
विद्यालय में हाईस्कूल स्तर पर हिंदी, अंग्रेजी, तृतीय भाषा, संस्कृत, वाणिज्य, गणित/गृह विज्ञान, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, सूचना एवं प्रौद्योगिकी, योग, आयुर्वेद एवं स्वास्थ्य शिक्षा, कृषि, कार्यानुभव/उद्यमिता विकास, कला शिक्षा, संगीत तथा बालिकाओं के लिए पेंटिंग जैसे विषयों का अध्ययन कराया जाएगा।








