
मसूरी विधानसभा के श्रीदेव सुमन नगर मंडल बैठक को सम्बोधित करते कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी
देहरादून, 17 मई। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज देहरादून स्थित एक निजी होटल में मसूरी विधानसभा के श्रीदेव सुमन नगर मंडल के नवनियुक्त पदाधिकारियों के साथ आयोजित परिचय बैठक में प्रतिभाग किया।



इस अवसर पर उन्होंने मंडल एवं विभिन्न मोर्चों के नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की शक्ति और पहचान है। उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा एवं जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों को माला पहनाकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों से संगठन की मजबूती, सरकार की उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार एवं जनता की समस्याओं के समाधान हेतु समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा की गई तथा क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। कैबिनेट मंत्री ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र में विकास योजनाओं की जानकारी भी पार्टी कार्यकर्ताओं को दी।
बैठक में मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, आरएस परिहार, सुरेंद्र राणा, ओम कक्कड़, समीर डोभाल, निरंजन डोभाल, जगदीश सेमवाल, मंडल महामंत्री आशीष थापा, भावना चौधरी सहित मंडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।









