Big Breaking:-होटल में युवती की मौत का मामला, हरियाणा से स्वजन के न पहुंचने पर नहीं हो सका पोस्टमार्टम

रुद्रप्रयाग के एक होटल में हरियाणा की युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस जांच में जुटी है। स्वजनों के न पहुंचने के कारण शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका।

रुद्रप्रयाग। जनपद मुख्यालय स्थित एक होटल में हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले की युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

पुलिस युवती के साथ आए फरार दोनों युवकों की तलाश कर रही है। दोनों हरियाणा के ही कैथल के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

वहीं रविवार शाम तक युवती के स्वजन के रुद्रप्रयाग नहीं पहुंचने के कारण शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम नहीं हो सका।

पुलिस स्वजन के आने के बाद ही सभी कानूनी कार्रवाई करने की बात कह रही है। उनके देर रात तक रुद्रप्रयाग पहुंचने की संभावना है।

बीते शनिवार देर शाम करीब आठ बजे नगर के एक होटल स्वामी ने पुलिस को सूचना दी कि उनके होटल में ठहरी एक महिला कमरे में बेहोशी की हालत में पड़ी है।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को तत्काल जिला चिकित्सालय ले गईं, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने होटल के कमरे को सील कर दिया था और देर रात तक फारेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई की गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती पति के रूप में अपनी पहचान बताने वाले और उसके एक दोस्त के साथ शुक्रवार रात होटल में ठहरी थी।

शनिवार सुबह दोनों युवक यह कहकर कमरे से निकले कि वह थोड़ी देर में आ रहे हैं, लेकिन देर शाम तक दोनों वापस नहीं आए। उनके न लौटने पर होटल संचालक को संदेह हुआ और उसने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान काजल पुत्री पप्पू, निवासी शाहबाद, जिला कुरुक्षेत्र, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतका के स्वजन से संपर्क किया और उन्हें मामले की जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार स्वजन के देर रात तक रुद्रप्रयाग पहुंचने की संभावना है। उनके आने के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

वहीं मामले में पुलिस ने युवती के साथ होटल में ठहरे दोनों युवकों की तलाश शुरू कर दी है, जो घटना के बाद से फरार हैं। इनमें से अरुण पुत्र राजेश, निवासी कैथल, हरियाणा ने खुद को युवती का पति बताया था।

वहीं उनके साथ आए युवक की पहचान अक्षय कुमार, पुत्र पृथि, निवासी कैथल, हरियाणा के रूप में हुई हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों युवकों की तलाश के लिए टीमें हरियाणा रवाना कर दी गई हैं। युवती की मौत के कारणों का स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता चल सकेगा।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें