
सीएनजी गैस से भरे और खाली टैंकर की टक्कर हो गई। फायर ब्रिगेड के जवानों ने घायल चालकों को बाहर निकाला।
लक्सर पुरकाजी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बायो सीएनजी गैस से भरे और खाली टैंकर की आमने सामने की टक्कर हो गई। सड़क दुर्घटना देख राहगीरों में हड़कंप मच गया। पलटते ही एक टैंकर से गैस लीकेज होने लगी। ग्रामीणो और राहगीरो की सूचना पर पुलिस प्रशासन फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर यातायात बंद कराकर नाकेबंदी कर ली।
कंपनी प्रबंधन तंत्र भी सेफ्टी कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचा और कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों टैकरों को हटाया गया। दोनों चालक घायल हैं। जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। बाद में पुलिस ने यातायात सुचारु करा दिया। घटना पुरकाजी राष्ट्रीय राजमार्ग पर शाहपुर और ब्राह्मणवाला गांव के पास हाईवे पर हुई! टक्कर होते ही दोनों टैंकर सड़क किनारे पलट गए।
टैंकरों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया गया
लक्सर सीओ देवेंद्र सिंह नेगी, खानपुर थाना प्रभारी दिग्पाल कोहली,गोवर्धनपुर पुलिस चौकी प्रभारी नवीन नेगी , लक्सर अग्निशमन अधिकारी कुंवर सिंह राणा, पुलिसबल और दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंचे।
गाड़ियों में फंसे चालक आदेश गिरी और नीरज भारती को फायर ब्रिगेड के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद कई घंटे चली कड़ी मशक्कत के बाद अग्निशमन के जवानों ने दोनों टैंकरों को अलग अलग किया।
खानपुर थाना प्रभारी दिग्पाल कोहली ने बताया कि दोनों टैंकरों को हटवाकर यातायात सुचारू कर दिया गया है। सूचना पर पहुंचे अग्निशमन अधिकारी कुंवर सिंह राणा के साथ आए जवानों में प्रदीप रावत, कविंद्र सिंह ,निर्मल, जितेंद्र सिंह, संजय ,जसवंत सिंह, प्रदीप सिंह ने अपनी जान की परवाह न करते हुए दोनों चालकों को बाहर निकाला,और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
वही कंपनी के डायरेक्टर वंशज गुप्ता ने बताया कि एक टैंकर डीजल का था, वहीं दूसरा टैंकर सीएनजी से चलता है। सड़क दुर्घटना के बाद सीएनजी टैंकर की वाल्व आटोमैटिक बंद हो गई थी। उन्होंने बताया कि बायो सीएनजी गैस परिवहन में मानकों का पूरा पालन किया जा रहा है।









