
देहरादून के राजपुर में एक युवक ने छत पर लाउडस्पीकर लगाकर अपनी चाची और चचेरी बहन के चरित्र पर सार्वजनिक रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी की। उसने अश्लील वीडियो अपलोड करने और निजी जानकारी उजागर करने की धमकी भी दी।
देहरादून। राजपुर थानाक्षेत्र में पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदारों के बीच इस कदर विवाद गहराया कि पूरा मोहल्ला गूंज उठा। दरअसल, एक युवक छत पर लाउडस्पीकर लेकर चढ़ गया और माइक से मोहल्ले भर में चाची व चचेरी बहन के चरित्र पर अनाप-शनाप बोलने लगा। उनके अश्लील वीडियो इंटरनेट पर अपलोड करने की धमकियां दी। चाची की शिकायत पर बीते मंगलवार पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली।
पीड़ित महिला ने तहरीर में बताया कि उनका अपने जेठ, भतीजे और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ छह फुट के रास्ते को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। आरोप लगाया कि बीती 29 जनवरी को उनका भतीजे छत पर माइक लेकर पहुंच गया और जोर-जोर से चिल्लाकर उन पर व उनकी बेटी के चरित्र पर गलत बातें बोलने लगा।
आरोपी ने पूरी कॉलोनी को सुनाते हुए युवती का डीएनए टेस्ट कराने, उसके दूसरे पिता का खुलासा करने, निर्वस्त्र करने और पुराने किसी कथित वीडियो को वायरल करने की धमकी दी। महिला का कहना है कि उनकी बेटी समाज में अपनी छवि धूमिल होता देखकर रोने लगी थी।
मुकदमा दर्ज
शिकायतकर्ता महिला का कहना है कि उन्होंने पूरी घटना की ऑडियो रिकॉर्डिंग कर ली है, जिसे साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंप सकती हैं। पुलिस ने महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। राजपुर थानाध्यक्ष प्रदीप रावत का कहना है कि दोनों पक्षों में पुराने विवाद को ध्यान में रखकर छानबीन जारी है।








