
ईद और रविवार की छुट्टियों ने मसूरी के पर्यटन को नई गति दी। बारिश के बाद शनिवार को मौसम साफ होने से पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी।
मसूरी। ईद और रविवार की लगातार छुट्टियों ने पहाड़ों की रानी मसूरी में पर्यटन कारोबार को नई रफ्तार दे दी।
दो दिन की बारिश के बाद शनिवार को मौसम साफ होते ही शहर में पर्यटकों की आमद तेजी से बढ़ी और देर शाम तक बाजार, मालरोड और प्रमुख पर्यटन स्थल पर्यटकों से गुलजार हो उठे।

सप्ताह की शुरुआत में मौसम खराब रहने से कारोबार प्रभावित था, लेकिन वीकेंड ट्रैफिक ने पर्यटन कारोबारियों को राहत दी।
सुबह से ही देहरादून-मसूरी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बढ़ने लगी। शहर के प्रवेश बिंदुओं पर निजी वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दीं।
सबसे अधिक भीड़ लाइब्रेरी चौक से कुलड़ी बाजार तक रही, जहां दिनभर पर्यटक खरीदारी और सैर का आनंद लेते दिखे।
मालरोड पर शाम ढलते ही चहल-पहल और बढ़ गई तथा देर रात तक रौनक बनी रही। चार दुकान और लालटिब्बा क्षेत्र में भी कैफे और व्यू प्वाइंट पर पर्यटकों की अच्छी मौजूदगी रही।
कंपनी गार्डन, कैंपटी फाल, जार्ज एवरेस्ट, गन हिल और धनोल्टी जैसे पर्यटन स्थलों पर पूरे दिन पर्यटकों की आवाजाही बनी रही।
परिवारों और युवा पर्यटकों ने झरनों और व्यू प्वाइंट पर अधिक समय बिताया। मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि शनिवार शाम तक शहर के होटलों में 55 से 60 प्रतिशत तक आक्यूपेंसी दर्ज की गई।
उनके अनुसार देर रात तक बुकिंग और बढ़ने की संभावना रही, क्योंकि कई पर्यटक बिना पूर्व आरक्षण के भी पहुंचे।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि लगातार बारिश के कारण गुरुवार और शुक्रवार को बाजार में सन्नाटा रहा, लेकिन शनिवार को हालात तेजी से बदले। रेस्तरां, टैक्सी सेवा, फोटोग्राफी और स्थानीय दुकानों में भी कारोबार बढ़ा।
रविवार को और बढ़ सकती है भीड़
पर्यटन कारोबारियों को उम्मीद है कि रविवार को मौसम अनुकूल रहा तो होटल आक्यूपेंसी और बढ़ सकती है। छुट्टी का फायदा उठाकर बड़ी संख्या में पर्यटक एक-दिवसीय यात्रा पर भी मसूरी पहुंच रहे हैं।









