
देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल ने कोरोनेशन अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने इमरजेंसी, पैथोलॉजी, कैंटीन और बच्चों के वार्ड सहित विभिन्न विभागों का जायजा लिया।
देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल ने जिला अस्पताल (कोरोनेशन) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इमरजेंसी, चौकी, रैंप, पंजीकरण काउंटर, पैथोलॉजी जांच, कैंटीन और नई बिल्डिंग का निरीक्षण किया।
इमरजेंसी में मरीजों से बातचीत भी की। जिलाधिकारी ने कर्मचारियों की उपस्थिति रजिस्टर की जांच कर नाइट शिफ्ट में कर्मचारियों की पूरी मौजूदगी के लिए प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिए।
















जिलाधिकारी ने ब्लड बैंक की नव निर्मित बिल्डिंग का कार्य समय पर पूरा करने को कहा। इमरजेंसी में वाशबेसिन में गंदगी पर नाराजगी जताई। कहा कि इसे शीघ्र हटाया जाए।
इसके साथ ही उन्होंने पैथोलॉजी में अधिक भीड़ को देखते हुए अब 11 बजे की जगह 12 बजे तक जांच के लिए कहा।
जिलाधिकारी ने बच्चों के वार्ड का निरीक्षण के दौरान कहा कि यहां लाइब्रेरी तो है लेकिन बच्चों को पढ़ने के लिए किताबें और कलर दिया करें। ताकि बच्चे मोबाइल का कम से कम उपयोग कर सकें।
उन्होंने पूछा कि बच्चों का खाना कैसे मिलता है। डाक्टरों ने बताया कि बच्चों का खाना कभी अलग बन जाता है, जिस पर जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों के लिए अलग से खाना बनाना चाहिए।
इस दौरान उन्होंने मरीजों से पूछा कि अस्पताल में खाना समय पर मिलता है और कैसा खाना है यहां का।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला अस्पताल में हर तरह की सुविधा मिले इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी मनोज कुमार शर्मा, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक मनु जैन, एसडीएम हरगिरि आदि मौजूद रहे।









