
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को देहरादून में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। वह डाटकाली टनल से जसवंत ग्राउंड तक 18 किमी सड़क मार्ग तय करेंगे, जहां एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14 अप्रैल को डाटकाली टनल से 18 किलोमीटर सड़क मार्ग तय कर कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड पहुंचेंगे।
पीएम के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी, इस पर पुलिस का होमवर्क शुरू हो गया है।
पुलिस की ओर से जल्द ही बाहरी जनपदों से आने वाले वाहनों के लिए रूट प्लान जारी किया जाएगा। वहीं कार्यक्रम स्थल के आसपास पार्किंग चिह्नित की जा रही हैं।
प्रधानमंत्री मोदी 14 अप्रैल को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद डाटकाली टनल से सड़क मार्ग से जसवंत ग्राउंड पहुंचेंगे, जहां पर भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा।
प्रधानमंत्री डाटकाली टनल से आरटीओ चेकपोस्ट, ट्रांसपोर्टनगर तिराहा, आइएसबीटी फ्लाइओवर, शिमला बाईपास, निरंजनपुर सब्जीमंडी, कमला पैलेस, बल्लीवाला फ्लाइओवर, बल्लुपुर चौक, कौलागढ़ चौक होते हुए जसवंत ग्राउंड पहुंचेंगे।
प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान यातायात डायवर्ट रहेगा। इस दौरान शहरवासियों को अधिक दिक्कतों का सामना न करना पड़े, इसको लेकर पुलिस प्रयास कर रही है।
पुलिस ने 36 किमी का आकस्मिक रूट भी बनाया
जसवंत ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करने के बाद प्रधानमंत्री जीटीसी हेलीपेड से दिल्ली के लिए निकलेंगे। इसके साथ ही पुलिस की ओर से आकस्मिक रूट भी बनाया है।
आकस्मिक रूट 36 किलोमीटर का होगा, जोकि शहर के मुख्य मार्गों से गुजरेगा। यह रूट सीएसडी तिराहा से होते हुए दिलाराम चौक, सर्वे चौक, फव्वारा चौक, जोगीवाला, लच्छीवाला टोल प्लाजा व जौलीग्रांट एयरपोर्ट तक रहेगा।
जसवंत ग्राउंड के आसपास रहेगी मेगा पार्किंग
प्रधानमंत्री के दून पहुंचने पर भारी भीड़ हो सकती है। ऐसे में पुलिस की ओर से जसवंत ग्राउंड के आसपास 2000 कार, 450 बस व 2000 दोपहिया वाहनों की पार्किंग बनाई गई है।
महिंद्रा ग्राउंड, स्व. हरबंस कपूर कम्युनिटी हाल, 5 जीआर ग्राउंड, आरटी ग्राउंड निकट चीड़ बाग, गोरखा मिलिट्री इंटर कालेज ग्राउंड, सप्लाई चौकी से आगे चांदमारी ग्राउंड, ओएनजीसी हेलीपैड व हिमालयन संस्कृति केंद्र नींबूवाला में पार्किंग तैयार की जा रही है।









